समाचार सच, अल्मोड़ा डेस्क।
अल्मोड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसार देवी स्थित एक होमस्टे में दिल्ली निवासी 39 वर्षीय पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर होमस्टे संचालक ने जांच की तो पर्यटक का शव कमरे के अंदर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कमरे को सील कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर बीमारी के चलते मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव, ईस्ट दिल्ली निवासी संजय तालुकदार ने बीती 10 अक्टूबर को कसार देवी स्थित होमस्टे में एक महीने के प्रवास के लिए कमरा किराये पर लिया था। होमस्टे संचालक के मुताबिक, यहां पहुंचने के समय उनका स्वास्थ्य सामान्य था, लेकिन बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
सुबह काफी देर तक जब संजय कमरे से बाहर नहीं आए तो होमस्टे संचालक को अनहोनी की आशंका हुई। कमरे में जाकर देखने पर वह मृत अवस्था में मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने कमरा किया सील, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया गया। पुलिस शव को बेस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।
बताया जा रहा है कि संजय के लिवर का पूर्व में ऑपरेशन हुआ था। इसी आधार पर पुलिस बीमारी के चलते मौत होने की आशंका जता रही है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
परिजनों को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली में रह रहे मृतक के परिवार में शोक छा गया। एनटीडी चौकी प्रभारी दिनेश परिहार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन अल्मोड़ा के लिए रवाना हो गए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



