समाचार सच, नैनीताल। जनपद नैनीताल में आगामी 2 और 3 जुलाई 2026 को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने मुख्यालयों पर उपलब्ध रहेंगे। BDO, BLO, तहसील प्रशासन, आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारी, QRT टीमों सहित सभी फील्ड कर्मियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिला प्रशासन के अनुसार लगातार भारी बारिश के कारण भूस्खलन, पेड़ों के गिरने और प्रमुख मोटर मार्गों के बाधित होने की आशंका है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) को संवेदनशील स्थानों पर JCB मशीनों और गैंग कर्मियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिला, परगना और विकासखंड स्तर पर आपदा प्रबंधन (IRS) से जुड़े नामित अधिकारी अपने मुख्यालयों पर मौजूद रहेंगे। तहसील स्तर पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने और प्रत्येक घंटे आपदा से संबंधित जानकारी तहसील कंट्रोल रूम तथा जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि 2 और 3 जुलाई के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में बिल्कुल न जाएं। मौसम खराब होने की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
आपातकालीन हेल्पलाइन
किसी भी आपदा या आपात स्थिति में नागरिक तत्काल जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र: 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181
मोबाइल: 8272080884
टोल फ्री: 1077
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



