समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। महेश नवमी के पावन अवसर पर माहेश्वरी महासभा, हल्द्वानी की ओर से काठगोदाम स्थित आईटीसी फॉर्च्यून होटल में भव्य माहेश्वरी मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत सुजाता माहेश्वरी, रुचि माहेश्वरी, रश्मि माहेश्वरी गुप्ता, प्रियंका गुप्ता, रश्मि माहेश्वरी एवं रेनू शारदा ने भावपूर्ण महेश वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समारोह में समयपालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया गया। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए अलग-अलग तथा सामूहिक खेल आयोजित किए गए, जिनमें सभी ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
बच्चों की आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। प्रतियोगिता में पेंटिंग, ऐपण एवं विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए गए। प्रतियोगिता का मूल्यांकन रेनू शारदा ने किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। माहेश्वरी समाज से संबंधित ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर माहेश्वरी महासभा के अध्यक्ष नीरज शारदा ने समाज के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे सामाजिक कार्यों तथा राष्ट्र एवं जनकल्याण में माहेश्वरी समाज के योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महासभा के सचिव रजत माहेश्वरी, संरक्षक बी.के. लाहोटी, उपाध्यक्ष दीपक माहेश्वरी एवं आलोक शारदा, कोषाध्यक्ष रविकांत माहेश्वरी, गौरव माहेश्वरी तथा अनुज माहेश्वरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।
महिला मंडल की अध्यक्षा सुजाता माहेश्वरी, सचिव रश्मि गुप्ता (माहेश्वरी), कोषाध्यक्ष सोनम माहेश्वरी सहित बीना माहेश्वरी, रुचि माहेश्वरी, रेनू शारदा, रेनू माहेश्वरी, रश्मि माहेश्वरी, सविता लाहोटी एवं अलका माहेश्वरी ने समारोह के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
युवा सभा के अध्यक्ष श्री सुनील माहेश्वरी, सचिव तरुण माहेश्वरी, उपाध्यक्ष वीरेंद्र काबरा, मीडिया प्रभारी हिमांशु माहेश्वरी, सुमित गुप्ता (एडवोकेट), उप सचिव मनोज माहेश्वरी सहित माहेश्वरी समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं समाजबंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम सौहार्द, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं एवं पारिवारिक मेल-मिलाप का सुंदर उदाहरण बना।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



