समाचार सच, रामनगर। रामनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो ईनामी वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी किया गया ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 70 से 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार 9 मई 2026 को भवानीपुर निवासी एक व्यक्ति ने रामनगर कोतवाली में ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास के क्षेत्रों में लगे लगभग 70-80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो संदिग्ध चोरी किए गए ट्रैक्टर को ले जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने मैनुअल और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान की।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मुरादाबाद जनपद के रहने वाले हैं और पीरूमदारा क्षेत्र स्थित एक स्टोन क्रेशर में चालक के रूप में काम करते थे। लगातार फरार चल रहे दोनों आरोपियों पर पुलिस द्वारा 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान पीरूमदारा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर-ट्रॉली भी बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वाहन चोरी की घटना के खुलासे पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



