समाचार सच, देहरादून/केदारनाथ। केदारनाथ उपचुनाव के लिए उत्तराखंड में चुनावी माहौल गरमा गया है। दोनों प्रमुख पार्टियों-बीजेपी और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने मनोज रावत को उम्मीदवार बनाया है, जो 2017 से 2022 तक केदारनाथ के विधायक रहे और राज्य में मोदी लहर के दौरान भी कांग्रेस के पक्ष में जीत दर्ज की। बीजेपी ने आशा नौटियाल पर भरोसा जताया है, जो महिला मोर्चा की अध्यक्ष और पूर्व विधायक हैं। 2002 से 2012 तक वे केदारनाथ सीट से बीजेपी का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।


इस बार केदारनाथ उपचुनाव की जंग रोचक होने वाली है। एक बार फिर से आशा नौटियाल और मनोज रावत चुनाव में एक दूसरे के आमने सामने होंगे। इससे पहले ये दोनों साल 1017 में एक साथ चुनाव लड़े थे। तब मनोज रावत कांग्रेस के सिंबल पर चुनावी मैदान में थे. आशा नौटियाल 2017 में निर्दलीय चुनाव लड़ी थी। तब बीजेपी ने शैलारानी रावत के कारण उनका टिकट काट दिया था।
आशा नौटियाल और मनोज रावत दोनों ही केदारनाथ उपचुनाव में मजबूत दावेदार हैं और उनका राजनीतिक सफर इन्हें खास बनाता है।
आशा नौटियालः आशा नौटियाल बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष हैं और केदारनाथ से पूर्व विधायक रह चुकी हैं। उन्होंने राज्य गठन के बाद 2002 से लेकर 2012 तक लगातार दस वर्षों तक केदारनाथ विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया। राजनीतिक अनुभव और संगठन में उनकी सक्रियता के कारण पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है।
मनोज रावतः मनोज रावत 2017 से 2022 तक केदारनाथ से कांग्रेस के विधायक रहे और उनकी लोकप्रियता 2017 की मोदी लहर में भी उन्हें जीत दिलाने में सहायक रही। उस चुनाव में कांग्रेस को प्रदेश में बुरी हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन मनोज रावत ने केदारनाथ सीट से बड़ी जीत दर्ज की थी। वे समसामयिक मुद्दों पर अपनी गहरी पकड़ और मुखरता के लिए जाने जाते हैं।
दोनों दिग्गजों का यह मुकाबला रोचक होने वाला है, जिसमें अनुभव और लोकप्रियता का सीधा सामना होगा।
ज्ञात हो कि केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को मतदान होना है। 23 नवंबर को मतगणना होगी. केदारनाथ विधानसभा सीट पर कुल 90,540 मतदाता हैं। जिसमें 44,765 पुरुष मतदाता और 45,775 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके साथ ही इस विधानसभा सीट पर कुल 2,949 सर्विस वोटर हैं। जिनमें 2,921 पुरुष मतदाता और 28 महिला मतदाता शामिल हैं। कुल सामान्य मतदाताओं में से 1,092 दिव्यांग मतदाता हैैं। 85 साल से अधिक उम्र के 641 मतदाता हैं। इसके साथ ही 18 से 19 उम्र के कुल 2,441 मतदाता है। उपचुनाव के मद्देनजर केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में दो जोनल मजिस्ट्रेट और 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट क्षेत्र में बांटा गया है।





सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440