समाचार सच, देहरादून। भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर पांच फरवरी को मंथन होने की उम्मीद जताई जा रहीं है। पांच फरवरी को भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश की मौजूदगी में बैठक आयोजित होंगी। इसमें नई प्रदेश कार्यकारिणी के नामों के साथ ही जिला कार्यकारिणियों के गठन, सरकार में रिक्त मंत्री पदों को भरने, सीएए को लेकर रणनीति समेत अन्य कई मसलों पर विमर्श होने की संभावना है।
सांगठनिक चुनाव के तहत मंडल से लेकर प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद हो रही भाजपा की इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होने के बाद मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक नई कार्यकारिणियों का गठन होना है। मंडलों की कार्यकारिणियां गठित हो चुकी हैं, जबकि प्रदेश व जिलों की नई कार्यकारिणी गठित होनी हैं।
माना जा रहा है कि पांच फरवरी को होने वाली बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के लिए नामों पर मंथन होगा। इसके साथ ही जिला इकाइयों की कार्यकारिणियों पर मुहर लग सकती है। इसके अलावा प्रदेश सरकार में रिक्त चल रहे तीन मंत्री पदों को भरने के मद्देनजर भी बैठक में मंथन संभव है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष बंशीधर भगत इन पदों को भरने की निरंतर पैरवी कर रहे हैं।
ये भी माना जा रहा कि सीएए को लेकर प्रदेश में नई रणनीति से अभियान चलाने के अलावा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जा सकती है। पांच फरवरी को होने वाली इस बैठक में राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत समेत पार्टी के कोर गु्रप के नेता शिरकत करेंगे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


