लैंसडाउन के बणासी तल्ली गांव में दर्दनाक हादसा, वन विभाग ने लगाए पिंजरे और ट्रैप कैमरे, शूटर भी किया तैनात
समाचार सच, लैंसडाउन (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से गुलदार के हमले की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड स्थित बणासी तल्ली गांव में शनिवार सुबह घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। महिला को बचाने की कोशिश से पहले ही गुलदार उसे जंगल की ओर घसीट ले गया, जहां बाद में उसका शव बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव की निवासी सुशीला देवी अपनी साथी शांति देवी के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हमले के बाद साथ मौजूद शांति देवी ने जोर-जोर से शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की, लेकिन कुछ दूरी पर जंगल में उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही लगातार गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में विभाग की विशेष टीम तैनात कर दी गई है। इसके अलावा प्रशिक्षित शूटर को भी मौके पर भेजा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि फिलहाल कोई भी व्यक्ति अकेले जंगल या सुनसान स्थानों पर न जाए और गुलदार दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दे।
इस घटना के बाद बणासी तल्ली समेत आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने, नियमित गश्त बढ़ाने और गांवों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों के कारण जंगलों और खेतों में जाना लगातार खतरनाक होता जा रहा है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



