समाचार सच, पिथौरागढ़ डेस्क।
सीमांत पिथौरागढ़ में भारत-नेपाल सीमा के नजदीक सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कैंप में देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बैरक में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि बैरक में ठंड से बचने के लिए जलाई गई डीजल बुखारी में तेज धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने देखते ही देखते पूरी बैरक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के वक्त बैरक में करीब 60 जवान मौजूद थे। आग की भयावहता को देखते हुए जवान तत्काल बैरक से बाहर निकल गए। गनीमत रही कि इस घटना में किसी जवान के घायल होने की सूचना नहीं है।
बर्फबारी के बाद माइनस में पहुंच रहा था तापमान
घटना पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील के व्यास घाटी क्षेत्र में स्थित गर्त्यांग एसएसबी कैंप की बताई जा रही है। यहां 11वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल का कैंप है।
बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले क्षेत्र में बर्फबारी हुई थी। इसके बाद इलाके में कड़ाके की ठंड पड़ रही थी और रात के समय तापमान माइनस में पहुंच रहा था। ठंड से बचने के लिए जवानों ने बैरक के भीतर डीजल से संचालित बुखारी जलाई थी।
गुरुवार रात करीब 8 बजे अचानक बुखारी में तेज धमाका हुआ। इसके बाद बैरक में आग भड़क उठी और कुछ ही समय में लपटें काफी ऊंची हो गईं।
धधकती बैरक से बाहर निकले जवान
आग तेजी से फैलती देख बैरक में मौजूद जवानों ने तत्काल बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग की ऊंची लपटें काफी दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे सीमा क्षेत्र में भी हलचल मच गई।
हादसे के बाद कैंप में मौजूद एसएसबी जवानों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग के विकराल रूप को देखते हुए नजदीकी आईटीबीपी कैंप के जवान और स्थानीय ग्रामीण भी मदद के लिए पहुंच गए।
ITBP और ग्रामीणों की मदद से बचीं दूसरी बैरकें
एसएसबी, आईटीबीपी के जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर आग को दूसरी बैरकों तक पहुंचने से रोकने के लिए मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
अग्निकांड में जवानों का राशन, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि हादसे में किसी जवान को चोट नहीं आई और बैरक में मौजूद सभी 60 जवान सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
नुकसान का आकलन जारी
धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट के कमांडेंट के हवाले से घटना की पुष्टि की है। उनके अनुसार प्रारंभिक जानकारी में बुखारी फटने से आग लगने की बात सामने आई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



