समाचार सच, हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक चोर को नगदी व अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गये चोर को कार्यवाही के बाद जेल के लिए रवाना कर दिया गया है। मुखानी थाना क्षेत्र के लाल सिंह कॉलोनी बिठौरिया नंबर एक निवासी बलवंत सिंह के शिवा जनरल स्टोर व आटा चक्की में बीती 12 दिसम्बर की रात चोरों ने उस समय धावा बोल दिया था जब उसका परिवार विवाह समारोह में गया हुआ था। घटना का पता उसे अगली सुबह दुकान खोलने पर चला। जब उसने अंदर जाकर देखा तो सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। जबकि बैग में रखी नगदी व गुल्लक के अलावा कटोरी में रखी रेजगारी गायब थी। इतना ही नहीं चोर उसका आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी कागजात व दुकान से सामान भी चोरी कर ले गये। इस मामले में दुकानस्वामी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस चोरों की सुरागकशी में जुट गई। इसके लिए एसओ मुखानी सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया। घटना के बारे में जानकारी देते हुए सीओ शांतनु पारासन ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास करीब 12 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही जेल से छूटे अपराधियों व संदिग्धों की निगाहबंदी की। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस के हाथ इस मामले में अहम सुराग लगे। जिसके आधार पर पुलिस ने बीती देर शाम चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले लक्ष्मण मौर्या पुत्र कुंवर सिंह मौर्या निवासी कुमाऊं कॉलोनी जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा को चंबल पुल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से 40 हजार रूपये की नगदी, आधार कार्ड समेत अन्य सामान बरामद किया है। पकड़े गये चोर को कार्यवाही के बाद जेल के लिए रवाना कर दिया गया है। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में एसओ सुशील कुमार, एसआई त्रिभुवन जोशी, कांस्टेबल विरेंद्र रावत, संजय लाल शामिल रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












