समाचार सच, हल्द्वानी। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान समिति की नैनीताल विभाग की यहां आयोजित संगठनात्मक बैठक में राम मंदिर निर्माण हेतु विभाग स्तर पर निधि समर्पण अभियान की योजना बनाई गई। तय किया गया कि निधि समर्पण को लेकर प्रत्येक गांव, शहर के प्रत्येक घर-घर जाकर जनजागरण व सहयोग प्राप्त किया जाएगा। बैठक में उत्तराखण्ड प्रान्त के अभियान व निर्माण समिति के पालक नरेश विकल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी अभियान अपने चरम या सफलता पर तभी पहुंचता है, जब नेतृत्व पर आस्था व विश्वास हो तथा कार्यकर्ताओ में त्याग, समर्पण, बलिदान व निरंतर जागरूकता की भावना हो। बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान का नेतृत्व विश्व हिंदू परिषद कर रहा है। इसमें संत समाज का भी मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान श्रीराम मंदिर निर्माण में आम जन की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही राष्ट्र व समाज को मजबूती प्रदान करने वाला अभियान है। जिसके लिए समितियों का निर्माण प्रत्येक जिले, नगर व खण्ड स्तर तक होना है। जिसमें समितियों द्वारा टोलियों में घर-घर जाकर कूपन व रसीदों तथा पत्रकों के माध्यम से श्रीराम मंदिर निर्माण हेतु सहयोग लेना है। बैठक में अभियान समिति के संरक्षक के नाते पूज्य स्वामी यतीश्वरानंद जी महाराज ने कहा कि राष्ट्र व समाज को जोड़ने वाली योजनायें व अभियान राष्ट्र व समाज हित में लगातार होते रहने चाहिए।
बैठक में समिति के संयोजक सुरेश पांडेय, सह संयोजक रमेश ओली, अध्यक्ष श्याम अग्रवाल, उपाध्यक्ष कमलेश बिष्ट, सचिव धीरेंद्र, कोषाध्यक्ष भगवान सहाय, नरेंद्र, सूरज, उत्तम, उमेश शाह, मनोज, प्रान्त संयोजक रंदीप पोखरिया, श्रीपाल राणा सहित नैनीताल विभाग की संगठनात्मक जिले हल्द्वानी, नैनीताल, उधम सिंह नगर, काशीपुर, खटीमा, सितारगंज के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












