जिलाधिकारी के निर्देश पर विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में चला विशेष अभियान, लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी की दिलाई शपथ
समाचार सच, भीमताल। नैनीताल जिले में स्वच्छ और कूड़ा मुक्त वातावरण तैयार करने के लिए बुधवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिले के विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक क्षेत्रों में एक साथ सफाई अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान जिले के 52 अलग-अलग स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक, ठोस अपशिष्ट और अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र किया गया। ग्रामीण और सार्वजनिक क्षेत्रों में सफाई के साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी संभाली सफाई की कमान
स्वच्छता अभियान में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने अपने आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और सार्वजनिक क्षेत्रों को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त बनाना है। इसके साथ ही लोगों में स्वच्छता को लेकर जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य रहा।
सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी की अपील
अभियान के दौरान अधिकारियों ने लोगों से अपने घर और आसपास के क्षेत्र में कूड़ा जमा न होने देने की अपील की। लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने के लिए जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि केवल अभियान चलाने से ही स्वच्छता कायम नहीं रह सकती, बल्कि इसके लिए आम लोगों की निरंतर भागीदारी जरूरी है। सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और कूड़ा इधर-उधर न फेंकने की अपील भी की गई।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



