समाचार सच, रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार जनपद के रुड़की दौरे के दौरान विकास, युवा सशक्तिकरण और खेल सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण संदेश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सुना और इसके बाद आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधे संवाद करते हुए उन्हें विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से नवाचार, स्टार्टअप और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि यह परिसर रुड़की सहित आसपास के खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं का नया केंद्र बनेगा और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री स्वयं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जहां उन्होंने जिम का निरीक्षण किया और बैडमिंटन कोर्ट पर रैकेट थामकर खेल का आनंद भी लिया। उनका यह अंदाज कार्यक्रम में मौजूद युवाओं और खिलाड़ियों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा।
चारधाम यात्रा को लेकर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मानसून के मद्देनजर सरकार सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन की सभी व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखे हुए है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



