-छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत NEET-JEE अभ्यर्थियों से संवाद, पेपर लीक, भर्ती घोटालों और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल
-देश का छात्र भ्रष्ट व्यवस्था से लड़ रहा है, कांग्रेस उसकी आवाज़ बनेगी : सुमित हृदयेश
समाचार सच, हल्द्वानी। कांग्रेस ने शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को लेकर अपने देशव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान को उत्तराखंड में भी गति देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के साथ संवाद किया गया। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के कोटा में विद्यार्थियों के साथ किए गए संवाद का डिजिटल प्रस्तुतीकरण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम में NEET और JEE सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसरों, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और बढ़ते निजीकरण जैसे मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी।
इसके बाद आयोजित संयुक्त प्रेसवार्ता में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाना और युवाओं की आवाज़ को मजबूत मंच देना है।
सुमित हृदयेश ने कहा कि वर्तमान समय में युवा केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर रहे, बल्कि उन्हें भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, पेपर लीक और रोजगार की अनिश्चितता जैसी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों पर सरकार गंभीरता से काम नहीं कर रही है। कांग्रेस युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक रोजगार की मांग को लगातार उठाती रहेगी।
उन्होंने छात्रों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में निराश होकर गलत कदम न उठाएं। हर समस्या का समाधान संभव है और समाज व परिवार के साथ संवाद बनाए रखना सबसे जरूरी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की उम्मीदों और भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में निष्पक्षता, समयबद्ध नियुक्तियां और सभी छात्रों को समान अवसर उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी।
कार्यक्रम में NEET और JEE अभ्यर्थियों के अतिरिक्त मुख्य रूप से हेमन्त बगड़वाल, हरीश मेहता, नरेश अग्रवाल, जिला महामंत्री मलय बिष्ट, प्रदीप सर, गोविंद बगड़वाल, महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगूड़ी, राधा आर्य, गिरीश पांडे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, कौशलेंद्र भट्ट, स्वाति जोशी, जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस इंजीनियर सुमित कुमार, संजू पाना, अमित रावत, लाल सिंह पवार, आशीष कुड़ाई, नितिन भट्ट, शंकर कोहली, चंदन भाकुनी, गुड्डू सम्मल, दिवेश तिवारी, जिज्ञासु भट्ट, उदित करायत सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



