विवाह समारोह व्यापार संघर्ष समिति का आरोप, सरकार नहीं सुन रही उनकी पीड़ा
समाचार सच, हल्द्वानी। विवाह समारोह व्यापार संघर्ष समिति ने सरकार को जगाने के लिए देशव्यापी रथ अभियान शुरू कर दिया है। इसे हमारी भी सुनो सरकार, हम हुए बेरोजगार नाम दिया गया है। आरोप है कि सरकार इस कारोबार से जुड़े व्यापारियों की पीड़ा नहीं सुन रही है। इसके बाद भी सरकार के न चेतने पर आंदोलन को उग्र करने की चेतावनी दी गई है। टैंट एसोसिएशन उत्तराखंड के निर्देश पर विवाह समारोह संघर्ष समिति द्वारा रथ चलाया गया।
सोमवार को समिति के मुख्य संयोजक नवीन पांडे सन्नू व सह संयोजक रूपेंद्र नागर के संयुक्त नेतृत्व में यह रथ बुद्ध पार्क से रवाना हुआ। इस मौके पर उनका कहना था कि कोरोना संक्रमणकाल में लागू लॉक डाउन के बीच समस्त कारोबार बंद हो गए। लेकिन अनलॉक प्रक्रिया में अधिकांश को अनुुमति मिल चुकी है। लेकिन ऐसे में अभी तक विवाह समारोहों में 50 लोगों को ही अनुुमति दी गई है। ऐसे में इस कारोबार से जुड़े व्यापारियों का कारोबार अभी भी ठप पड़ा हुआ है। इतना ही नहीं इस कारोबार से जुड़े लोगों को आर्थिक मदद की दिशा में भी कोई कदम नहीं उठाया गया है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि रथ अभियान के बाद भी उनकी नहीं सुनी गई तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी केंद्र व राज्य सरकारों की होगी।
इस दौरान टैंट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष वर्द्धन पांडे, संरक्षक प्रकाश भट्ट, महामन्त्री लक्ष्मण सिंह बिष्ट, टैंट एसोसिएशन के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष जितेंद्र पाल सिंह, राजू चौहान, बैंड एसोसिएशन अध्यक्ष मोहम्मद उसान, कैटर्स एसोसिएशन के रूपेंद्र नागर, लाइट एंड डीजे एसोसिएशन के विजय बिष्ट, भगवती प्रसाद जोशी, ललित पांडे, गोपाल दत्त गुर्रानी, हरीश बिष्ट, सोनू गुप्ता, राजेन्द्र बग्गी वाले, हरिओम गुप्ता समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


