
समाचार सच, खटीमा। खटीमा विधानसभा क्षेत्र के हल्दीघेरा में लंबे समय से प्रतीक्षित विशाल गौशाला का गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया। करीब सात एकड़ क्षेत्र में आठ करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस गौशाला के लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
करीब दो हजार निराश्रित गौवंश को आश्रय देने की क्षमता वाली इस गौशाला के शुरू होने से सड़कों पर घूमने वाले गौवंश को सुरक्षित स्थान मिलने की उम्मीद है। साथ ही किसानों और आम लोगों को भी आवारा गौवंश की समस्या से राहत मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री धामी ने गौशाला में विधिवत पूजा-अर्चना कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि खटीमा में गौशाला का निर्माण पूरा होना उनके लिए महत्वपूर्ण अवसर है। गौशाला के माध्यम से निराश्रित गौवंश को आश्रय मिलेगा और स्थानीय किसानों को भी इससे राहत मिलेगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा और गौसंरक्षण भारतीय परंपरा का हिस्सा होने के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए गौशालाओं के निर्माण और उनकी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संस्कृति और गौ संरक्षण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं भी गौसेवा करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गौशाला के विस्तार के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। उन्होंने खटीमा से अपने पुराने और विशेष जुड़ाव का भी उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव का जिक्र करते हुए भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील भी की।
करीब सात एकड़ में तैयार इस गौशाला का निर्माण जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या की देखरेख में कराया गया है। लोकार्पण समारोह में हजारों लोग उपस्थित रहे और गौशाला को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया गया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



