केदारनाथ हेली टिकट के नाम पर 5 लाख की साइबर ठगी, देहरादून से आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

समाचार सच, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेली सेवा बुक कराने के नाम पर श्रद्धालु से करीब पांच लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद रुद्रप्रयाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में एक आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी, चमोली भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, अगस्त 2026 में कोतवाली गुप्तकाशी में पुणे, महाराष्ट्र निवासी करण गुजराल की शिकायत पर मुकदमा अपराध संख्या 29/2026 दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे ऑनलाइन करीब पांच लाख रुपये की रकम ठगी गई।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को सामने आए आरोपी की पहचान राहुल थापा पुत्र स्वर्गीय राम थापा, निवासी शीशमबाड़ा, शेरपुर, देहरादून के रूप में हुई। पुलिस ने उसे ऋषिकेश से गिरफ्तार किया। पूछताछ और जांच में सामने आया कि आरोपी श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा देकर उनसे ऑनलाइन धनराशि अपने खातों में ट्रांसफर करवाता था।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में नाबालिग बनी मां, पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म का आरोप, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा

मोबाइल, सिम और बैंक दस्तावेज बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुछ होटल संचालकों और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों से संबंधित जानकारी भी पुलिस को दी है। पुलिस इन जानकारियों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है और ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड हाईकोर्ट में जस्टिस सुभाष उपाध्याय की स्थायी नियुक्ति को कॉलेजियम की मंजूरी

रुद्रप्रयाग पुलिस ने केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से हेली सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत माध्यम से करने की अपील की है। पुलिस ने अनधिकृत वेबसाइटों, सोशल मीडिया पर मिले संदिग्ध लिंक या अज्ञात व्यक्तियों के माध्यम से टिकट बुक कराने से बचने को कहा है।

पुलिस के अनुसार, किसी वेबसाइट या लिंक की विश्वसनीयता की पुष्टि किए बिना ऑनलाइन भुगतान नहीं करना चाहिए। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की गई है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440