दुग्ध संघ की बोर्ड बैठक में 34 प्रस्तावों पर चर्चा, दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को लाभांश भुगतान की तैयारी

खबर शेयर करें

समाचार सच, लालकुआं।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की बोर्ड बैठक बुधवार को लालकुआं स्थित प्रशासनिक भवन में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संघ के संचालन, वित्तीय मामलों, कर्मचारियों से जुड़े विषयों और आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन किया गया।

बैठक के दौरान संचालक मंडल के समक्ष कुल 34 प्रस्ताव रखे गए। सदस्यों ने प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की, जिसके बाद कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। वहीं, कुछ प्रस्तावों को आवश्यक कार्रवाई और स्वीकृति के लिए निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी।

बैठक की शुरुआत स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक संवेदना के साथ हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई।

अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़ा है और स्वर्गीय किशन सिंह बिष्ट के योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। बैठक में उनके नाम पर नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराने पर भी सहमति बनी।

यह भी पढ़ें -   मॉर्निंग वॉक पर निकली प्रोफेसर की पत्नी को ई-रिक्शा ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को भुगतान का प्रस्ताव
बैठक में दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली लाभ राशि को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। पिछले वित्तीय वर्ष में 2.52 करोड़ रुपये की लाभ राशि के मुकाबले इस वर्ष 2.75 करोड़ रुपये की राशि दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पहले दिए जाने संबंधी प्रस्ताव को निबंधक के पास भेजने पर सहमति बनी।

इसके अलावा कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया दिए जाने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजने का निर्णय लिया गया। कामगारों समेत दुग्ध संघ से जुड़े करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि दिए जाने के लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई।

बकाया वसूली में सख्ती के निर्देश
बैठक में संघ की वित्तीय स्थिति और बकाया राशि की वसूली को लेकर भी चर्चा हुई। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने विपणन एवं परिवहनकर्ताओं पर लंबित बकाया की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में बकाया जमा नहीं करने वाले परिवहनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें -   कालाढूंगी में सड़क पर स्कूली बच्चों की मारपीट का वीडियो वायरल, एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने की कार्रवाई

उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा नहीं करने वाले संबंधित परिवहनकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बकाया वसूली में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों पर भी मंथन
बैठक में आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन को लेकर तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिवेशन से संबंधित प्रस्तावों को निबंधक के पास भेजने, आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आयोजन को लेकर आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।

बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल सहित सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद समेत दुग्ध संघ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440