समाचार सच, हरिद्वार/रुड़की (एजेन्सी)। उत्तराखण्ड के हरिद्वार जिले से एक युवक के शव मिलने की सूचना आ रही है। भगवानपुर थाना क्षेत्र में पुलिया के नीचे मिले युवक के गले पर गोली के निशान भी मिले हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस टीम ने मामले की छानबीन की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली हैं। इसके साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल भी निकलवाई है। गांव के कुछ युवकों से भी पूछताछ की है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।


बीते बुधवार की देर शाम किसी व्यक्ति ने भगवानपुर थाना पुलिस को सिरचंदी गांव की ईदगाह के पास पुलिया के नीचे किसी युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। मृतक के गले पर गोली लगने के निशान भी मिले है। मृतक की शिनाख्त विवेक कुमार भगवानपुर थाना क्षेत्र के डाडली गांव से हुई है। परिजनों के अनुसार बीते मंगलवार को विवेक कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ कहीं जाने की बात कहकर घर से निकला था। जब देर शाम तक भी विवेक कुमार घर नहीं लौटा, तो उसके परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने उसकी ढूंढखोज शुरू की लेकिन विवेक का कुछ पता नहीं चल सका।
इधर पुलिस आशंका है कि युवक की गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामे की कार्रवाई करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। इधर एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। साथ ही विवेक के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। विवेक के साथ रहने वालों से भी पुलिस जानकारी जुटाने में लगी हुई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
मृतक चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। विवेक कुमार पढ़ाई छोड़ चुका था और वह मजदूरी का काम कर परिवार को चला रहा था। इधर सूचना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440