समाचार सच, देहरादून/जोशीमठ। अनलॉक पांच में छूट मिलते ही केदारनाथ धाम में रिकॉर्ड यात्री पहुंचे। यात्राकाल में अब तक पहली बार एक ही दिन में 2648 श्रद्धालुओं के पहुंचने से केदारनाथ में कपाटोद्घाटन जैसा माहौल रहा। केदारनाथ धाम में अब तक 14106 श्रद्घालु दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ धाम की यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। धाम में 2274 श्रद्घालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। धाम में अब तक पहुंचने वाले श्रद्घालुओं की संख्या 33495 पहुंच गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही से दिनभर केदारनाथ मंदिर क्षेत्र और केदारपुरी बाबा के जयकारों से गूंजती रही। सोनप्रयाग, गौरीकुंड से लेकर 17 किमी पैदल मार्ग पर भी दिनभर भक्तों की आवाजाही से रौनक बनी रही। नई एसओपी जारी होते ही केदारनाथ यात्रा के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ने लगा है। रात्रि तक ही धाम में दो हजार से अधिक यात्री पहुंच गए थे, जिससे आज सुबह से ही केदारपुरी में रौनक बनी रही। मंदिर परिसर से लेकर मंदिर मार्ग बाबा की जयकारों से गूंजता रहा। कपाटोद्घाटन के बाद बीते पांच माह में धाम में यह पहला मौका है जब मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा। इस दौरान मंदिर कर्मचारियों द्वारा देवस्थानम बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत भक्तों को नंदी महाराज की मूर्ति से ही बाबा केदार के दर्शन कराए। कोरोना संक्रमण के बीच इस वर्ष 29 अप्रैल को सूक्ष्म धार्मिक गतिविधियों के बीच केदारनाथ के कपाट खुले थे, लेकिन शुरूआती डेढ़ माह तक धाम में सन्नाटा पसरा रहा। राज्य सरकार द्वारा 12 जून से जिला स्तर पर यात्रा शुरू की गई थी। इसके तहत माह के आखिरी 19 दिनों में 99 स्थानीय श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके बाद एक जुलाई से राज्य स्तर पर यात्रा का संचालन होने से 31 दिनों में 4464 श्रद्धालु धाम पहुंचे। जबकि अगस्त माह में मानसून के सक्रिय होने के कारण 2072 यात्रियों ने केदारनाथ पहुंचकर दर्शन किए। वहीं सितंबर माह में 4220 शिव भक्त धाम पहुंचे। आज 1567 पुरुष, 1003 महिलाएं और 78 बच्चों ने धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। कपाटोद्घाटन के बाद से धाम में अभी तक कुल 14106 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440












