समाचार सच, हल्द्वानी। राजपुरा मुक्ति धाम के पास बनाए गए कंटेनमेंट जोन में सैंपलिंग के दौरान लोगों ने घरों में ताले जड़ दिये। स्वास्थ्य महकमे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घंटों की मशक्कत के बाद भी कई घरों में सैंपलिंग नहीं हो पाई। इस मामले में स्वास्थ्य महकमा एक और प्रयास के बाद कार्यवाही की बात कह रहा है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच नगर में प्रशासन ऐसे स्थानों को कंटेनमेंट जोन बना रहा है, जहां संक्रमित पाए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों को सील करने के साथ ही यहां सैंपलिंग कार्य किया जा रहा है। नगर के राजुपरा स्थित मुक्तिधाम के समक्ष भी कोरोना संक्रमित मिलने के बाद कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यहां सैंपलिंग कार्य शुरू किया। टीम द्वारा सैंपलिंग करने की कार्यवाही की भनक लगते ही कंटेनमेंट जोन में ही तीन-चार घरों में लोगों ने बाहर से ताले जड़ दिये। चिकित्सकों की काफी मशक्कत के बाद जब घरों के ताले नहीं खुले तो पुलिस मौके पर बुलाई गई। पुलिस की मौजूदगी में खुले घरों में सैंपलिंग तो की गई, लेकिन बंद घरों के ताले नहीं खुले। स्वास्थ्य विभाग व पुलिस के प्रयास विफल साबित हुए। इस संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ रश्मि पंत ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में गुरूवार को जिन घरों में ताले लटके मिले, उनमें सैंपलिंग नहीं हो पाई है। स्वास्थ्य विभाग शुक्रवार को इन घरों में पुनः सैंपलिंग का प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि घरों में ताले लटके होने के संबंध में पुलिस-प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। यदि इन घरों में शुक्रवार को सैंपलिंग नहीं हो पाती है तो नियमानुसार मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


