देहरादून में ED की छापेमारी से हड़कंप, 2016 की VPDO परीक्षा में OMR शीट से कथित छेड़छाड़ की जांच तेज
समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाते हुए तत्कालीन UKSSSC सचिव चंदन सिंह जीना के आवास से करीब 32 लाख रुपये की अघोषित नकदी, 200.5 ग्राम सोना और 12 लग्जरी घड़ियां बरामद करने का दावा किया है।
ईडी की कार्रवाई के बाद उत्तराखंड की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
32 लाख कैश, 193 गोल्ड कॉइन और 7 चेन मिलने का दावा
ईडी के अनुसार तलाशी के दौरान चंदन सिंह जीना के वर्तमान आवास से करीब 32 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी बरामद हुई। इसके अलावा लगभग 200.5 ग्राम सोना भी मिला, जिसमें 193 गोल्ड कॉइन और 7 गोल्ड चेन शामिल बताई गई हैं।
तलाशी में Rolex, Rado, Piaget, Movado और Tissot समेत कुल 12 लग्जरी घड़ियां भी मिलने की बात कही गई है।
बैंक खातों में मिले 52 लाख रुपये, ED ने किए फ्रीज
जांच एजेंसी के मुताबिक चंदन सिंह जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों में करीब 52.16 लाख रुपये की राशि मिली है, जिसे मनी लॉन्ड्रिंग कानून की संबंधित धाराओं के तहत फ्रीज किया गया है।
ईडी के अनुसार अब तक जब्त और फ्रीज की गई संपत्तियों का मूल्य करीब 1.28 करोड़ रुपये बताया गया है। हालांकि इसमें बरामद लग्जरी घड़ियों का मूल्यांकन शामिल नहीं है।
OMR शीट से कथित छेड़छाड़ का मामला
पूरा मामला UKSSSC की वर्ष 2016 की VPDO परीक्षा से जुड़ा है। ईडी की जांच के अनुसार परीक्षा की OMR शीटों में कथित तौर पर हेरफेर किए जाने की आशंका है।
जांच एजेंसी का आरोप है कि सुरक्षित अभिरक्षा में रखी गई कुछ OMR शीट कथित रूप से तत्कालीन सचिव के निजी आवास तक पहुंचाई गईं। आरोप है कि खाली छोड़े गए रोल नंबरों वाली OMR शीट निजी कंप्यूटर एजेंसी के कर्मचारियों को दी गईं और बाद में उनमें कथित रूप से उत्तर भरकर दोबारा सील किया गया।
ईडी अब इस पूरे मामले में कथित धन के लेन-देन और अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
पूर्व CM हरीश रावत के कार्यकाल में रहे थे OSD
ईडी की प्रेस रिलीज के अनुसार चंदन सिंह जीना वर्ष 2014 से 2017 के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश सिंह रावत के कार्यकाल में OSD के रूप में तैनात रहे थे।
हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार ईडी की कार्रवाई में हरीश रावत को इस मामले में आरोपी नहीं बताया गया है।
मोबाइल भी जब्त, जांच और तेज
ईडी ने तलाशी के दौरान कई मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। एजेंसी अब बरामद नकदी, सोने, लग्जरी घड़ियों और बैंक खातों में मौजूद रकम के स्रोत की जांच कर रही है।
VPDO परीक्षा-2016 में कथित अनियमितताओं, OMR शीट से कथित छेड़छाड़ और उससे जुड़े धन के लेन-देन को लेकर जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



