समाचार सच, कोटद्वार। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जानकीनगर (कोटद्वार) में अमर शहीद मनदीप सिंह रावत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उनके अद्वितीय शौर्य, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विद्यार्थियों ने शहीद की स्मृति में पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद मनदीप सिंह रावत की माताजी सुमा देवी, विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कुकरेती, उपप्रधानाचार्य अनिल कोटनाला, देवभूमि पहल समिति के अध्यक्ष शिवम नेगी एवं सचिव उत्कर्ष नेगी द्वारा शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम संयोजक आचार्य रोहित बलोदी ने बताया कि विद्यालय में पिछले तीन वर्षों से शहीद मनदीप सिंह रावत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन में शहीद के सैन्य जीवन और अदम्य साहस का उल्लेख करते हुए बताया कि 15वीं गढ़वाल राइफल्स एवं 36 राष्ट्रीय राइफल्स से जुड़े वीर जवान मनदीप सिंह रावत ने 7 अगस्त 2018 की मध्यरात्रि जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में किशनगंगा डैम की सुरक्षा के दौरान दो आतंकवादियों को मार गिराया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की।
प्रधानाचार्य मनोज कुमार कुकरेती ने कहा कि देश के वीर शहीदों का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ पालन करने का आह्वान किया।
आचार्य रोहित बलोदी ने शहीद मनदीप सिंह रावत के साथ बिताए अपने संस्मरण भी साझा किए और कहा कि उनका साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम सदैव युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने बताया कि शहीद मनदीप सिंह रावत विद्या भारती की इकाई के छात्र रहे थे और उनकी वीरगाथा सदैव स्वर्णिम अक्षरों में लिखी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के समस्त आचार्य, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



