समाचार सच, उधमसिंह नगर/बाजपुर। उत्तराखंड की रहने वाली एक महिला शिक्षिका की कनाडा में उसके पति ने ही चाकू घोंप कर हत्या कर दी है। यहां उधमसिंह नगर जिले में बाजपुर में रह रहे परिजनों अपने सगे रिश्तेदारों के माध्यम से मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। महिला शिक्षिका कनाडा में एक यूनिवर्सिटी में कार्यरत थी। घटना के बाद कनाडा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उधमसिंह नगर जनपद के बाजपुर विकास खंड के ग्राम गुमसानी निवासी जसवीर सिंह की पुत्री हरप्रीत कौर गिल का विवाह रुद्रपुर के बत्रा कालोनी निवासी गुरचरण सिंह के पुत्र नवइंदर सिंह गिल के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही यह लोग पहले आस्ट्रेलिया और बाद में कनाडा के शहर सरी में चले गए। जहां हरप्रीत कौर एक यूनिवर्सिटी में शिक्षिका के रूप में तैनात थीं। हरप्रीत की दो लड़कियां और एक पुत्र भी है।
बीते 8 दिसम्बर गुरूवार की रात को हरप्रीत कौर के भाई धनवंत सिंह के अमेरिका में रह रहे एक सगे रिश्तेदार से जानकारी मिली की नवइंदर सिंह गिल ने हरप्रीत हत्या कर दी हैं। लेकिन वहां रात होने और यहां दिन के चलते शुक्रवार को बातचीत के बाद स्पष्ट हुआ कि उनकी बहन की हत्या कर दी गई है। धनवंत ने बताया कि पूरे मामले की तह तक जाने के लिए उनकी तरफ से कनाडा में अपने परिचितों के माध्यम से जानकारी जुटाई जा रही है। बहन का शव इंडिया मंगाने का प्रयास किया जा रहा है। धनवंत सिंह ने बताया कि दीपावली में हरप्रीत व उसके पति अपने बच्चों के साथ विदेश से अपने पति नवइंदर सिंह व बच्चों के साथ दीपावली पर भारत आयी थी। उस समय तक कोई ऐसी बात सामने नजर नहीं आई थी।
मृतका हरप्रीत कौर गिल के भाई धनवंत सिंह ने भारत सरकार से मांग की है कि उनकी बहन के शव को भारत लाने में परिवार की मदद की जाए। इधर उधम सिंह नगर एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया है कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस पीड़ित परिवार के साथ है। हर संभव मदद की जाएगी।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440