जयपुर से हरिद्वार जा रही एसी बस में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, खिड़कियों से कूदकर बची 26 यात्रियों की जान

खबर शेयर करें

समाचार सच, हरिद्वार/मेरठ। जयपुर से हरिद्वार जा रही राजस्थान रोडवेज की डबल डेकर एसी बस शुक्रवार सुबह मेरठ-दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर अचानक आग का गोला बन गई। बस में सवार 26 यात्रियों की सूझबूझ और चालक की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों ने आपातकालीन दरवाजों और खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि बस में रखा लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया।

जानकारी के अनुसार, बस गुरुवार रात करीब 10 बजे जयपुर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह लगभग 7रू10 बजे मेरठ-मुजफ्फरनगर बॉर्डर के पास बस के पिछले हिस्से में लगे एसी सिस्टम की वायरिंग में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते बस में धुआं भरने लगा।

इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने बस के निचले हिस्से से धुआं और आग की लपटें निकलती देख चालक को इशारा कर बस रोकने की सूचना दी। चालक ने तुरंत बस को हाईवे किनारे रोक दिया और परिचालक के साथ मिलकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।

यह भी पढ़ें -   मॉर्निंग वॉक पर निकली प्रोफेसर की पत्नी को ई-रिक्शा ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

मुख्य दरवाजे पर भीड़ बढ़ने पर कई यात्रियों ने खिड़कियों और इमरजेंसी एग्जिट से छलांग लगाकर जान बचाई। महज दो से तीन मिनट के भीतर सभी 26 यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। इसके बाद चालक और परिचालक ने डिग्गी से यात्रियों का सामान निकालने की कोशिश की, लेकिन तभी एसी पाइप फटने से आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ बैग निकालने के बाद उन्हें भी पीछे हटना पड़ा और बाकी सामान जलकर राख हो गया।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में गहराया बिजली संकट, मांग के मुकाबले कम पड़ रही आपूर्ति; कटौती बनी मजबूरी

सूचना मिलते ही मेरठ, सरधना और मुजफ्फरनगर से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 20 से 25 मिनट में बस पूरी तरह जल चुकी थी, जबकि आग पर पूरी तरह काबू पाने में लगभग दो घंटे का समय लगा।

हादसे के बाद पुलिस और परिवहन विभाग ने यात्रियों के लिए जलपान की व्यवस्था कराई और उन्हें दूसरी बस से सुरक्षित हरिद्वार के लिए रवाना किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440