बाजपुर से आ रहे वाहन से पनीर और देसी घी के नमूने लिए गए, गोवर्धन व मदर डेयरी घी भी जांच के दायरे में, रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
समाचार सच, हल्द्वानी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में सोमवार को बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों का कारोबार करने वाले करीब आधा दर्जन प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
सहायक खाद्य आयुक्त अजब सिंह रावत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पनीर, घी और अन्य डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और लेबलिंग की जांच की गई। इस दौरान पनीर और घी समेत कुल चार नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगर निगम क्षेत्र में बाजपुर से आ रहे एक वाहन की जांच के दौरान पनीर का एक नमूना और देसी घी का एक नमूना संग्रहित किया। दोनों नमूनों को नियमानुसार सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेह के दृष्टिगत गोवर्धन घी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया। वहीं एक अन्य डेयरी प्रतिष्ठान से मदर डेयरी घी का नमूना भी संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को सुरक्षित तरीके से सील करते हुए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 30(2) के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुपालन में चलाया गया।
07 अगस्त 2026 को जारी आदेश के तहत ऐसे अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का आभास कराते हैं। इसी के तहत विभाग की ओर से डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता और मानकों की जांच की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी भी उत्पाद को अधोमानक, मिलावटी या असुरक्षित घोषित नहीं किया जा रहा है।
प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। रिपोर्ट में यदि किसी तरह की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित खाद्य कारोबार संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम और उसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा भ्रामक अथवा अमानकीकृत डेयरी और गैर-दुग्ध उत्पादों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि हल्द्वानी में आकस्मिक निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निरीक्षण टीम में अजब सिंह रावत, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, नैनीताल तथा अभय कुमार सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी नगर निगम मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



