समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। लामाचौड़ स्थित आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय सेना में विशिष्ट सेवाएं दे चुके तथा वर्तमान में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में डीआईजी (ऑपरेशन) के पद पर कार्यरत पूर्व ब्रिगेडियर सुनील उपाध्याय ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें सफलता के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। छात्रों ने भारतीय सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में करियर बनाने से जुड़े सवाल पूछे। पूर्व ब्रिगेडियर उपाध्याय ने अपने लंबे सैन्य अनुभव और व्यावहारिक ज्ञान के आधार पर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना, आत्मविश्वास बनाए रखना और निरंतर मेहनत करना सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना भी जरूरी है। ऐसे संवाद कार्यक्रम छात्रों की सोच को व्यापक बनाते हैं और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर निर्णय लेने में मदद करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने पूर्व ब्रिगेडियर सुनील उपाध्याय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभवों और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को करियर की संभावनाओं को समझने तथा अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिला।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



