एमएजेएमएमसी के विद्यार्थियों को शोध प्रविधि, रिपोर्ट लेखन और शोध नैतिकता की दी गई जानकारी, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित

समाचार सच, देहरादून डेस्क।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की पत्रकारिता एवं मीडिया अध्ययन विद्याशाखा की ओर से देहरादून परिसर में आयोजित चार दिवसीय अनिवार्य शोध कार्यशाला का मंगलवार, 24 नवंबर को समापन हो गया। 21 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला में एमएजेएमएमसी चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों को शोध की अवधारणा, प्रक्रिया, पद्धति और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का संचालन विद्याशाखा के निदेशक प्रो. राकेश चन्द्र रयाल के निर्देशन में किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लघु शोध कार्य के लिए आवश्यक अकादमिक दक्षताएं प्रदान करना और उन्हें शोध के विभिन्न आयामों से परिचित कराना रहा।
विशेषज्ञों ने शोध के विभिन्न पहलुओं पर दिया मार्गदर्शन
चार दिवसीय कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय, नरेंद्र नगर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. संरचना सचदेवा, सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष थलेड़ी, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल के सहायक प्राध्यापक डॉ. दिनेश भट्ट, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अजय ढौंढियाल तथा सूचना एवं लोक संपर्क निदेशालय उत्तराखंड के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया।
विशेषज्ञों ने सामाजिक अनुसंधान एवं शोध प्रविधि, शोध के तत्व और प्रकार, शोध संदर्भ एवं संदर्भ ग्रंथ सूची, संचार शोध में मीडिया और समाज की भूमिका, न्यू मीडिया एवं सामाजिक शोध, रिपोर्ट लेखन तथा लघु शोध निर्माण जैसे विषयों पर व्याख्यान दिए।
विद्यार्थियों को शोध प्रस्ताव (सिनॉप्सिस) तैयार करने, शोध डिजाइन, साहित्यिक चोरी (प्लेजरिज्म) से बचने तथा शोध में मौलिकता और नैतिक मूल्यों के पालन के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
समाज से जुड़े सवालों का समाधान तलाशना भी शोध का उद्देश्य : प्रो. रयाल
समापन सत्र में विद्याशाखा के निदेशक प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने कहा कि शोध केवल अकादमिक उपाधि प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज और धरातल से जुड़े प्रश्नों का समाधान तलाशना भी होना चाहिए। शोध के निष्कर्षों का वास्तविक जीवन में सकारात्मक प्रभाव दिखाई देना चाहिए, तभी उसकी सार्थकता सिद्ध होती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से शोध कार्य में मौलिकता, तथ्यपरकता, निष्पक्षता और शोध नैतिकता का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया।
प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रो. राकेश चन्द्र रयाल और सूचना एवं लोक संपर्क निदेशालय, उत्तराखंड के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



