समाचार सच, हल्द्वानी/देहरादून। उत्तराखंड के चार जिलों में शनिवार और रविवार को लॉकडाउन नहीं रहेगा। लेकिन जिलाधिकारी अपने स्तर पर अलग से व्यवस्था कर सकते हैं। अनलॉक-2 के तहत पूर्व की एसओपी में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में हर सप्ताह शनिवार और रविवार के लॉकडाउन का आदेश जारी किया गया था। इसके बाद रक्षाबंधन को देखते हुए इसमें रियायत दी गई। माना गया था कि इसके बाद सप्ताह की दो दिन की यह बंदी फिर लागू होगी। अनलॉक-3 के तहत जारी एसओपी में सरकार की ओर से इसका कोई जिक्र ही नहीं किया गया। आपदा प्रबंधन के एक अधिकारी के मुताबिक अनलॉक-3 की एसओपी में यह स्पष्ट कर दिया गया था कि यह पहले की एसओपी की जगह पर प्रभावी मानी जाएगी। आपदा प्रबंधन के प्रभारी सचिव एस मुरुगेशन ने भी इसकी पुष्टि की। सचिव के मुताबिक दो दिन की साप्ताहिक बंदी का आदेश अब प्रभावी नहीं है। इसको प्रभावी करने के लिए अलग से आदेश जारी करना होगा। फिलहाल कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। शासन के मुताबिक जिलों में जिलाधिकारी संक्रमण को रोकने के लिए अलग से आदेश जारी कर सकते हैं। केंद्र सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन में भी स्पष्ट है कि प्रतिबंध और सख्त तो किए जा सकते हैं लेकिन उनमें अलग से रियायत नहीं दी जा सकती।
इधर नैनीताल जिले के जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया है कि जनपद के बाजार शनिवार, रविवार 8 अगस्त और 9 अगस्त को खुले रहेगा। जनपद के जिन क्षेत्रों में करोना संक्रमण के मद्देनजर कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं, वहां का बाजार और आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि कंटेनमेंट जोन में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति स्थानीय प्रशासन द्वारा कराई जाएगी। बाहर से आने वालों की पूर्व की भांति नियमित जांच होगी। पहले जारी किए गए आदेशों के अनुसार रात्रि कर्फ्यू जारी नहीं रहेगा। यातायात सामान रहेगा। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे शनिवार और रविवार को तदनुसार व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें।
उधर हल्द्वानी सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष कुमार सिंह ने बताया की बाजार में व्यापारियों से बातचीत के बाद निर्णय लिया गया है कि हल्द्वानी में कल शनिवार की साप्ताहिक बंदी है उसमें व्यापार मंडल साप्ताहिक बंदी का ख्याल रखते हुए निर्णय लें, और रविवार को वह अपनी दुकानें खोल सकते हैं। यानि रविवार का बाजार पर लॉकडाउन को लेकर कोई असर नहीं है। रोजाना की तरह बाजार व्यापारी खोल सकते हैं। उनका कहना था कि तमाम व्यापारी शनिवार की बंदी को लेकर असमंजस में थे, कि लॉकडाउन होगा या नहीं, कई छोटे व्यापारी भी होते हैं। क्योंकि कई व्यापारी शनिवार को साप्ताहिक बंदी के बाद भी बाजार खोल लेते हैं और दुकानें खोलकर अपना कारोबार भी करते हैं। ऐसे में साप्ताहिक बंदी को अगर छोड़ा जाए तो शासन का लॉकडाउन कल नहीं रहेगा।
प्रदेशव्यापी विरोध दिवस के फलस्वरूप हुआ दो दिवसीय लॉक डाउन वापस : नवीन वर्मा

समाचार सच, हल्द्वानी। प्रान्तीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि अनलाक-2 में प्रदेश सरकार द्वारा लगाये गये अव्यवहारिक दो दिवसीय लॉक डाउन का हटाने की मांग के लिए हमारे संगठन द्वारा प्रदेश भर में विरोध दिवस मनाया गया। जिसमें हमने अपने-अपने क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री जी को प्रतिवेदन भेजें थे और हमारे प्रतिनिधि इस संदर्भ से माननीय मुख्यमंत्री जी से मिलें भी थे।
प्रदेश व्यापी आन्दोलन के फलस्वरूप दो दिवसीय लाक डाउन वापस लिया गया यह व्यापारी एकता की शक्ति का परिचालक है। प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी सभी जिला इकाइयों एवं नगरों व कस्बों की इकाइयों को इसके लिए बधाई दी है।
इधर संगठन के प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, एन सी तिवारी, संयुक्त महामंत्री राजेश अग्रवाल, प्रमोद गोयल, अनिल गोयल, बाबू लाल गुप्ता, यशपाल अग्रवाल, दिनेश डोभाल आदि ने भी सभी इकाइयों का आभार व्यक्त किया है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


