टिकट नहीं मिला तो निर्दलीय उतरे आर्यन, अब उसी संगठन को पछाड़कर बने अध्यक्ष, देखें MBPG की पूरी नई छात्रसंघ टीम

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी।
एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में मंगलवार की रात ऐसा नतीजा सामने आया, जिसने पूरे चुनावी समीकरण को बदल दिया। एबीवीपी से टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय मैदान में उतरे आर्यन बेलवाल ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज करते हुए छात्रसंघ की कमान अपने नाम कर ली। 18 राउंड तक चली मतगणना के बाद आर्यन को 1723 वोट मिले और उन्होंने एनएसयूआई के मेहुल साह को 466 मतों के अंतर से हराया।

सबसे ज्यादा चर्चा अध्यक्ष पद के नतीजे की रही। मुकाबले में एबीवीपी के धीरज बिष्ट 988 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस तरह पिछले दो चुनावों से अध्यक्ष पद पर काबिज विद्यार्थी परिषद इस बार शीर्ष मुकाबले से बाहर हो गई।

एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को अध्यक्ष, सचिव समेत विभिन्न पदों के लिए मतदान हुआ। सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चले मतदान में 12,800 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 4063 विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इसके बाद शाम 3:30 बजे एलबीएस बहुद्देश्यीय भवन में मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई और शाम चार बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई।

यह भी पढ़ें -   छात्रसंघ चुनाव नतीजों पर बोले CM धामी- युवाओं ने ‘झूठ की गूंज’ को बेनकाब किया, ABVP की 85% सीटों पर जीत का दावा

करीब 12:45 बजे रात तक 18 राउंड की मतगणना के बाद अध्यक्ष पद का परिणाम स्पष्ट हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एलएम पांडे के अनुसार आर्यन बेलवाल को 1723, एनएसयूआई के मेहुल साह को 1257 और एबीवीपी के धीरज बिष्ट को 988 वोट मिले।

बाकी पदों पर किसने मारी बाजी?
उपाध्यक्ष पद पर पूरन सिंह मेवाड़ी ने वशिष्ठ कुमार को 145 वोटों से हराया। उपाध्यक्ष छात्रा पद पर दीपा रैकुनी ने श्रेया पांडे को 303 मतों से मात दी।

यह भी पढ़ें -   नैनीताल के डीएसबी परिसर छात्रसंघ चुनाव में बड़ा उलटफेर, निर्दलीय भानु प्रताप चौहान बने अध्यक्ष

सचिव पद पर सार्थक रस्तोगी ने भविष्य रावत को 394 मतों से पराजित किया। कोषाध्यक्ष पद पर अक्षिता आर्या ने दीपा बिनवाल को 379 वोटों से हराया।

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर यतिन पांडे ने करन सिंह डोभाल को 805 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। संयुक्त सचिव पद पर रिषिका सिंह और सांस्कृतिक सचिव पद पर चंद्रकांत निर्विरोध चुने गए।
परिणाम घोषित होने के बाद प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने विजयी प्रत्याशियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें बधाई दी।

एमबीपीजी कॉलेज की नई छात्रसंघ टीम
अध्यक्ष- आर्यन बेलवाल
सचिव- सार्थक रस्तोगी
उपाध्यक्ष- पूरन सिंह मेवाड़ी
उपाध्यक्ष छात्रा- दीपा रैकुनी
संयुक्त सचिव- रिषिका सिंह
कोषाध्यक्ष- अक्षिता आर्या
सांस्कृतिक सचिव- चंद्रकांत
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि- यतिन पांडे
कला संकाय प्रतिनिधि- अदिति पाठक
विज्ञान संकाय प्रतिनिधि- कोमल आर्या
वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि- आयुष माहेश्वरी

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440