हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के उत्पादों की झलक

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
हल्द्वानी में राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस मेले में देशभर के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और स्थानीय हस्तशिल्प को प्रदर्शित करने के लिए करीब 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकास खंड कार्यालय हल्द्वानी के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की।

सुरक्षा से लेकर यातायात तक की व्यवस्थाओं पर मंथन
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने मेले के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने मेला स्थल पर कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा। इसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग सहित अन्य महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 24 PCS अधिकारियों के तबादले; देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारी

18 नवंबर तक पूरी करनी होगी बुकिंग प्रक्रिया
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सरस मेले की सभी प्रकार की बुकिंग प्रक्रिया 18 नवंबर तक पूरी कर ली जाए। उन्होंने सांसदों, विधायकों और अन्य अतिथियों को समय से आमंत्रण पत्र तथा ई-कार्ड भेजने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल का विस्तृत नक्शा तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन पहुंचेंगे। ऐसे में व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां
बैठक में विभिन्न विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पुलिस और परिवहन विभाग को सुरक्षा एवं पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।

जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं बिजली आपूर्ति की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं नगर निगम हल्द्वानी को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जिला सूचना अधिकारी को मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार और मीडिया सेल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें -   ऑपरेशन प्रहार के तहत काठगोदाम पुलिस का शिकंजा, अलग-अलग मामलों में दो वारंटी गिरफ्तार

नियमित होगी तैयारियों की समीक्षा
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय सरस मेला जनपद का एक महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों के स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय सीमा में पूरे करने होंगे। मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, ताकि आयोजन सुचारु और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रविशंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी मुकेश नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित समस्त खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440