तीन घंटे एंबुलेंस का इंतजार, रास्ते में मरीज की मौत; कपकोट में स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ बाजार बंद

खबर शेयर करें

समाचार सच, बागेश्वर डेस्क।
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर चर्चा में है। बागेश्वर जिले के कपकोट में एंबुलेंस के इंतजार में एक गंभीर मरीज की जान चली गई। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे 50 वर्षीय रमेश चंद्र तिरुवा को चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर किया था, लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध होने में करीब तीन घंटे लग गए। इसके बाद उन्हें अल्मोड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में कोसी के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से नाराज व्यापारियों ने गुरुवार को कपकोट बाजार बंद रखकर विरोध जताया।

अचानक बिगड़ी तबीयत, एक के बाद दूसरे अस्पताल किया रेफर
जानकारी के अनुसार, कपकोट तहसील रोड पर जनरल स्टोर चलाने वाले रमेश चंद्र तिरुवा बुधवार को रोज की तरह अपने काम में लगे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए अल्मोड़ा जिला अस्पताल भेजने की सलाह दी। इसके बाद मरीज को अल्मोड़ा ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की जाने लगी।

यह भी पढ़ें -   38 साल से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम चला रहे डॉ. आशुतोष पंत, अब हल्द्वानी में 600 फूलों और शोभाकार पौधे बांट रहे निःशुल्क

तीन घंटे इंतजार के बाद मिली एंबुलेंस, रास्ते में तोड़ा दम
पूर्व सभासद तनुज तिरुवा के अनुसार, मरीज को अल्मोड़ा ले जाने के लिए समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई। परिजनों को करीब तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार शाम करीब साढ़े छह बजे एंबुलेंस मिलने के बाद रमेश को अल्मोड़ा के लिए रवाना किया गया, लेकिन कोसी के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

जिले में 10 एंबुलेंस, दो खराब होने की जानकारी
108 एंबुलेंस सेवा के बागेश्वर जिला प्रभारी सौरव कठायत ने बताया कि जिले में कुल 10 एंबुलेंस संचालित हैं, जिनमें से दो खराब होने के कारण खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि खराब वाहनों की मरम्मत कराई जाएगी। जिला मुख्यालय में उस समय एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, इसलिए बनलेख से वाहन मंगाना पड़ा। इसी कारण पहुंचने में देरी हुई।

व्यापारियों ने बंद रखा कपकोट बाजार
रमेश चंद्र तिरुवा के निधन की खबर से कपकोट क्षेत्र में शोक और आक्रोश फैल गया। गुरुवार को व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर घटना के प्रति विरोध जताया। सरयू और खीरगंगा के संगम पर रमेश का अंतिम संस्कार किया गया।

यह भी पढ़ें -   रामनगर में बुजुर्ग महिला का शव मिलने के मामले का खुलासा, सेना के जवान समेत तीन गिरफ्तार, बेटों की हत्या की भी रची थी साजिश

उनकी अंतिम यात्रा में विधायक सुरेश गड़िया, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश सिंह ऐठानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।

स्थानीय लोगों ने उठाई बेहतर एंबुलेंस व्यवस्था की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जिले में पर्याप्त एंबुलेंस उपलब्ध कराने, खराब वाहनों की तत्काल मरम्मत कराने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में अस्पतालों की दूरी और दुर्गम रास्तों के कारण मरीजों को पहले ही कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गंभीर मरीज को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलना बेहद चिंताजनक है।

इस घटना ने कपकोट सहित पूरे जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और एंबुलेंस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440