समाचार सच, रामनगर डेस्क।
नैनीताल जिले के रामनगर के किशनपुर छोई गांव में बुजुर्ग महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि 56 वर्षीय विमला देवी की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस ने भारतीय सेना में तैनात एक जवान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने महिला की हत्या के बाद उसके दोनों बेटों को भी मौत के घाट उतारने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने 12 नवंबर को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल भारतीय सेना में कार्यरत है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वाहन, लोहे की पाट, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
10 नवंबर को घर के पास मिला था बुजुर्ग महिला का शव
दरअसल, 10 नवंबर को 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि रामनगर के किशनपुर छोई गांव में एक महिला का शव उसके घर के बाहर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल और कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान महिला की पहचान 56 वर्षीय विमला देवी के रूप में हुई। उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसओजी समेत कई टीमों का गठन किया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मैनुअल जांच और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग विमला देवी को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए थे।
पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची गई साजिश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह सामने आई है। मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल के पिता गोविंद सिंह की करीब तीन साल पहले हत्या हुई थी। इस मामले में विमला देवी के दोनों बेटों को आरोपी बनाया गया था और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
पुलिस के मुताबिक, इसी घटना को लेकर मोहित के मन में विमला देवी और उनके परिवार के प्रति गहरी रंजिश थी। आरोप है कि जब भी मोहित छुट्टियों में घर आता था, वह महिला के परिवार को परेशान करता और उनके साथ गाली-गलौज करता था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विमला देवी और उनके दोनों बेटों को निशाना बनाने की योजना बनाई।
महिला को गाड़ी में ले जाकर की गई मारपीट, पानी में डुबोने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपनी योजना को अंजाम देने के लिए दो अन्य युवकों को भी साथ मिलाया। तीनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि विमला देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उन्हें गाड़ी में डालकर धापला पुल की ओर ले जाया गया। एसएसपी के मुताबिक, वहां महिला को पानी में डुबोया गया और इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की गई।
आरोपियों ने वारदात के बाद महिला के शव को वापस लाकर उनके घर के पास फेंक दिया, ताकि घटना को अलग रूप दिया जा सके। पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
महिला के दोनों बेटों की हत्या की भी थी योजना
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की साजिश केवल विमला देवी की हत्या तक सीमित नहीं थी। वह उनके दोनों बेटों को भी मारने की योजना बना चुका था। पिता की हत्या के मामले में महिला के बेटों को आरोपी बनाए जाने के बाद से ही वह उनसे बदला लेना चाहता था। हालांकि, पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी अपनी इस योजना को अंजाम नहीं दे सका।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे एक और संभावित वारदात को टाला जा सका।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
मोहित फर्त्याल (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, थाना रामनगर, नैनीताल। (मुख्य आरोपी)
सैरान (21 वर्ष) पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, रामनगर।
मोहम्मद अब्बूजर (22 वर्ष) पुत्र मोहम्मद विलाल, निवासी खताड़ी, रामनगर।
वारदात में इस्तेमाल वाहन और अन्य सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई गाड़ी, लोहे की पाट, लाठी-डंडे, पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रामनगर में बुजुर्ग महिला का शव मिलने के बाद से ही क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल था। अब पुलिस के खुलासे के बाद इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश और बदले की साजिश सामने आई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



