समाचार सच, अल्मोड़ा डेस्क।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक और दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली। धौलछीना थाना क्षेत्र के हरड़ा इलाके में देर रात एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा रात में हुआ, लेकिन इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को सुबह मिल सकी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में सवार तीनों लोगों के शव बरामद किए।
सुबह ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, हरड़ा क्षेत्र में वाहन के खाई में गिरने की घटना रात के समय हुई थी। अंधेरा और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण तत्काल हादसे का पता नहीं चल पाया। सुबह स्थानीय लोगों की नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया।
एसडीआरएफ ने खाई से बरामद किए तीनों शव: सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सरियापानी से उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम स्थान पर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचने के बाद टीम ने उसमें फंसे तीनों लोगों के शव बाहर निकाले। इसके बाद शवों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
-हयात सिंह (36 वर्ष), पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम न्योली, तहसील व जिला अल्मोड़ा।
-बसंती देवी (40 वर्ष), पत्नी हिम्मत सिंह, निवासी ग्राम हरड़ा, तहसील व जिला अल्मोड़ा।
-बीना देवी (19 वर्ष), पुत्री हिम्मत सिंह, निवासी जिला अल्मोड़ा।
एक ही रात में दो सड़क हादसों से चिंता बढ़ी
गौरतलब है कि नैनीताल जिले में कैंची धाम के पास निगलाट क्षेत्र में भी देर रात एक स्विफ्ट डिजायर कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। उस हादसे में एक युवक की मौत हुई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए थे।
पहाड़ी रास्तों पर एक ही रात में हुए इन दो हादसों ने सड़क सुरक्षा और रात के समय यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को फिर सामने ला दिया है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



