हरिद्वार में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण, सीएम धामी बोले- गौसंरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

खबर शेयर करें

समाचार सच, हरिद्वार डेस्क।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

गौसेवा हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। हमारी परंपरा में गौ माता को सर्वदेवमयी माना गया है और ग्रामीण समाज में आज भी उन्हें परिवार के सदस्य के रूप में सेवा और सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से भी जुड़ी हुई है। गौसंरक्षण के जरिए पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

11 गोवंश से शुरू हुआ अभियान, अब 35 हजार से अधिक गोवंश का संरक्षण
मुख्यमंत्री ने कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक रूप ले चुका है। संस्था वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण कर रही है। संस्था ने अगले एक वर्ष में एक लाख गायों के संरक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया है।

यह भी पढ़ें -   ड्यूटी के साथ जनसेवा में भी मिसाल बनी नैनीताल पुलिस, दो लोगों को लौटाए खोए हुए मोबाइल फोन

उन्होंने बताया कि संस्था अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करा चुकी है। इसके अलावा प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी दी जा रही है।

प्रदेश में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिला आश्रय
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वर्तमान में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय दिया जा रहा है। इसके साथ ही ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया कि शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

यह भी पढ़ें -   ऑपरेशन प्रहार के तहत काठगोदाम पुलिस का शिकंजा, अलग-अलग मामलों में दो वारंटी गिरफ्तार

बद्री गाय के घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखभाल और गौ आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हो रहे हैं।

2027 कुंभ मेले को भव्य बनाने की तैयारियां जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं शहर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440