समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। नैनीताल पुलिस ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए दो लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन उन्हें वापस लौटाए हैं। पुलिसकर्मियों की सतर्कता और तत्परता से एक व्यक्ति को सड़क पर मिला मोबाइल वापस मिला, जबकि दूसरे व्यक्ति का महंगा आईफोन भी पुलिस के प्रयासों से बरामद कर उसके स्वामी को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को रानीबाग क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक जगत सिंह भंडारी और हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह को सड़क पर एक सैमसंग मोबाइल फोन पड़ा मिला। पुलिसकर्मियों ने मोबाइल के वास्तविक स्वामी की जानकारी जुटाई और मोहम्मद अबूजर पुत्र जाहिर हसन निवासी मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को मौके पर बुलाकर उनका मोबाइल सकुशल वापस सौंप दिया।
वहीं, दूसरे मामले में मुखानी की सुनार गली निवासी अमित गुप्ता पुत्र स्वर्गीय हरि शंकर गुप्ता का एप्पल आईफोन 16 प्रो मैक्स बाजार में कहीं गिर गया था। इसकी जानकारी मिलने पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आवश्यक खोजबीन और प्रयास किए। इसके बाद मोबाइल बरामद कर अमित गुप्ता को वापस सौंप दिया गया।
नैनीताल पुलिस की इस पहल से एक बार फिर पुलिस का मानवीय और जनसेवा से जुड़ा चेहरा सामने आया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को सड़क, बाजार या किसी सार्वजनिक स्थान पर मोबाइल फोन अथवा कोई कीमती वस्तु मिलती है तो उसे अपने पास रखने के बजाय नजदीकी पुलिस थाने या चौकी में जमा कराएं, ताकि वह वस्तु उसके वास्तविक स्वामी तक पहुंचाई जा सके।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



