समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में धीरज बिष्ट भी शामिल है, जो पूर्व में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुका है। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों को मुकदमा दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को शहर के चर्चित पीजेपी गैंग का सदस्य बताया जा रहा है।
इस मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर मुखानी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने का आरोप
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि चार युवक नाबालिग किशोरी को डराकर और बहला-फुसलाकर मुखानी क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
घटना के बाद जब किशोरी घर पहुंची तो उसकी हालत देखकर परिजनों ने उससे पूछताछ की। इसके बाद किशोरी ने परिजनों को पूरी घटना बताई। शुक्रवार को परिजन उसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे और तहरीर दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
छह घंटे के भीतर पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
धीरज बिष्ट – पूर्व में छात्रसंघ अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुका है।
नितिन पाल
अंश खत्री
हिमांशु गोनी
पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी शहर के चर्चित ITI गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
महिला और बालिका अपराधों पर एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग बच्चों और बच्चियों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



