– डूडल के जरिए लोगों को मतदान कैसे करने की पूरी प्रक्रिया समझाई


नई दिल्ली । भारतीय लोकतंत्र के महापर्व चुनाव के लिए गूगल ने भी डूडल बनाकर सम्मान जताया। लोकसभा चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान है और गूगल ने डूडल बनाकर लोगों से मतदान की अपील की है। आज लोकसभा चुनावों के 7 चरणों में से पहले चरण का मतदान होना है। गूगल ने डूडल के जरिए लोगों को मतदान कैसे करें की पूरी प्रक्रिया समझाई है।
भारत में मतदान के बाद मतदाताओं की अंगुली पर नीली स्याही लगा दी जाती है। आम तौर पर मतदान के बाद अंगुली पर लगी नीली स्याही को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम जनता की भागीदारी के तौर पर देखा जाता है। आज गूगल ने भी लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव को डूडल बनाकर समर्पित किया है।
पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इसके अलावा पहले चरण में असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू एवं कश्मीर, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी कुछ लोकसभा सीटों पर मतदान होगा।
पहले चरण में होने जा रहे चुनाव में कई राज्यों में काफी दिलचस्प टक्कर होने वाली है। दरअसल, इसी चरण में कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न पार्टियों के कुछ वरिष्ठ नेताओं का राजनीतिक भविष्य दांव पर लगा है। पहले चरण में उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों में से आठ सीटों, बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से चार और पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से दो सीटों पर चुनाव होंगे। महाराष्ट्र में नितिन गडकरी की सीट नागपुर, केंद्रीय मंत्री हंसराज अहीर की सीट चंद्रपुर पर गुरुवार को ही वोटिंग होगी। बिहार की चार सीटों में से LJP नेता चिराग पासवान की जमुई सीट भी शामिल है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू की सीट पर भी चुनाव पहले चरण में ही है।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440