बहुउद्देशीय शिविर में 424 लोगों को मिला सीधा लाभ, 175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और 35 BPL कार्ड जारी
समाचार सच, भीमताल। नैनीताल जिले के ओखलकांडा विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज ढोलीगांव में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ भी सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया गया। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।
शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 68 शिकायतें सामने आईं, जिनमें से 57 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
एक शिविर में स्वास्थ्य से लेकर प्रमाणपत्र और राशन तक की सुविधा
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 175 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 8 दिव्यांग प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। इसके अलावा 35 बीपीएल कार्ड बनाए गए और महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं।
शिविर के माध्यम से कुल 424 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिला।
ग्रामीणों ने सीधे मंत्री के सामने रखीं समस्याएं
शिविर में पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, सिंचाई, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोगों की समस्याओं को क्रमवार सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके लिए संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए।
कई विभागों ने लगाए स्टॉल
शिविर में राजस्व, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, लघु सिंचाई, पेयजल निगम, जल संस्थान, ऊर्जा निगम, पशुपालन, बाल विकास, उरेडा, खाद्य एवं आपूर्ति तथा ई-डिस्ट्रिक्ट सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाए।
इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और पात्रता की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य- कैड़ा
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष कुमार पंत, जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेंद्र बैनी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम, मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, खंड विकास अधिकारी केएस सामंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



