समाचार सच, देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने ओएनजीसी मैदान में रेड एफएम के ‘‘गो-ग्रीन एक्सपो’’ प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने रेड एफएम की ओर से ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों को भी सम्मानित किया।
राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि पर्यावरण समृद्ध राज्य है। हमारा यह नैतिक कर्तव्य बनता है कि हम पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि हमें अपने वातावरण को शुद्ध रखने का संकल्प व प्रण लेते हुए अन्य लोगों को भी जागरूक करना होगा। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में देश-दुनिया का नेतृत्व करते हुए पर्यावरण संरक्षण का ब्रांड एम्बेस्डर बनना होगा। हमें बदलाव व जन आन्दोलन की शुरुआत करनी होगी। उत्तराखण्ड से पूरे विश्व को संदेश देने की जरूरत है कि हमें अपनी प्रकृति और पर्यावरण को बचाना है। राज्यपाल ने रेड एफएम के ‘गो ग्रीन’ एक्सपो कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे एक नयी शुरूआत बताया। उन्होंने कहा कि वाहनों और हमारे उपयोग के अनेक उपकरणों और संयंत्रों से एक बड़ी मात्रा में प्रदूषण उत्सर्जित हो रहा है जो पर्यावरण को हानि पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक तापमान की वृद्धि पूरी मानवता के लिए एक बड़ी चिंता है। जिसके लिए हम सभी को आगे आना होगा।
राज्यपाल ने कहा कि हमारी पहल में देरी एक संकट को आमंत्रण है। हमारी देरी पर्यावरण असंतुलन को बढावा देने वाली है और हमारे सतत विकास लक्ष्यों में बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि हमें याद रखना चाहिए कि भारत ही वह भूमि है जो दुनिया को एक राह दिखाने की क्षमता रखती है। पर्यावरण की दृष्टि से विचार करें तो हमें पता होना चाहिए कि भारत में पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रकृति को सुरक्षित रखने की महान संस्कृति है। उन्होंने कहा कि यहां एक्सपो को देखकर खुशी हो रही है कि सभी इलैक्ट्रिक कंपनियां ग्रीन ऐनर्जी के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हमें ऊर्जा के वैकल्पिक स्त्रोतों पर ध्यान देने की जरूरत है जिससे हम आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर पर्यावरण और बेहतर भविष्य छोड़ सकते है। इस दौरान ओएनजीसी के निदेशक पंकज कुमार, रेड एफएम की स्टेशन हेड रजत शक्ति, प्रोग्राम हेड हिमांशु शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440

















