समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। सुबह करीब पांच बजे जब अधिकांश लोग अपने घरों में थे, उसी दौरान विभाग की सात टीमों ने अलग-अलग इलाकों में एक साथ दस्तक दी। अभियान के दौरान बिजली कनेक्शनों की जांच में कथित बिजली चोरी और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आए। विभाग के अनुसार, कुल 108 मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित मीटरों को सीज कर दिया गया है।
विद्युत विभाग की टीमों ने किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर समेत बनभूलपुरा के विभिन्न इलाकों में घरों और बिजली कनेक्शनों की जांच की। अभियान में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विजिलेंस तथा पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं। पूरी कार्रवाई को समन्वय के साथ अंजाम दिया गया। विभाग अब संबंधित मामलों में बनभूलपुरा कोतवाली के माध्यम से आगे की कानूनी कार्रवाई कराएगा।
कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी के मुताबिक, विद्युत विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रख रहा था। इस दौरान बनभूलपुरा के कुछ बिजली फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इस स्थिति को देखते हुए बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बड़े स्तर पर जांच अभियान की योजना बनाई गई।
बिजली चोरी रोकने और विद्युत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए विभाग अब बनभूलपुरा क्षेत्र में कई बदलाव करने की तैयारी में है। इसके तहत घरों के अंदर लगे बिजली मीटरों को बाहर लगाया जाएगा। सामान्य केबल के स्थान पर आर्मर्ड केबल लगाने की योजना भी बनाई जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का काम शुरू करने की तैयारी है।
विद्युत विभाग का मानना है कि मीटरों को बाहर लगाने, आर्मर्ड केबल का इस्तेमाल करने और स्मार्ट मीटरों की व्यवस्था से बिजली कनेक्शनों की निगरानी आसान होगी। इससे अनधिकृत कनेक्शन और बिजली चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण लगाने में मदद मिल सकती है।
बनभूलपुरा में तड़के चलाए गए इस अभियान को बिजली चोरी और अधिक लाइन लॉस की समस्या से निपटने की दिशा में विभाग की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। आने वाले दिनों में क्षेत्र में जांच और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किए जाने के संकेत हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



