समाचार सच, हल्द्वानी-नैनीताल डेस्क। नैनीताल जिले में करीब एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ कई मोर्चों पर कार्रवाई करते हुए अपनी कार्यशैली की छाप छोड़ी। अब उनका नैनीताल से तबादला हो गया है। उनके स्थानांतरण के साथ ही जिले में उनके कार्यकाल के दौरान हुई बड़ी पुलिस कार्रवाइयां और उपलब्धियां एक बार फिर चर्चा में हैं। नशा तस्करों पर शिकंजा कसने से लेकर हत्या, लूट, चोरी, डकैती, ठगी और संगठित अपराध के मामलों के खुलासे तक पुलिस ने कई उल्लेखनीय सफलताएं हासिल कीं।
मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाया गया अभियान शामिल रहा। 28 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 मुकदमे दर्ज कर 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान करीब 10 करोड़ 93 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए गए। इनमें 25 किलो 846 ग्राम चरस, 3 किलो 24 ग्राम 675 मिलीग्राम स्मैक, 179 किलो 215 ग्राम गांजा, 34 किलो 799 ग्राम डोडा, 1,422 नशीले कैप्सूल व गोलियां और 2,325 नशीले इंजेक्शन शामिल हैं।
अपराधों के खुलासे के मामले में भी नैनीताल पुलिस ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं। हल्द्वानी की बड़ी मंडी में बहुचर्चित डबल मर्डर मामले का महज छह घंटे में खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वल्दियाखान क्षेत्र में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के आरोपी टैक्सी चालक को 10 घंटे में गिरफ्तार किया गया। कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने वाले आरोपी को ट्रैक्टर सहित 12 घंटे में पकड़ लिया गया।
हल्द्वानी के जज फार्म गोलीकांड एवं हत्या के मामले में पार्षद को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा गया। मुखानी में बुजुर्ग महिला से झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के कुंडल बरामद किए गए। वहीं, फोटो खींचने के बहाने लोगों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार कर 3 लाख 17 हजार 500 रुपये नकद और दस्तावेज बरामद किए गए।
मुखानी के चर्चित राधिका ज्वैलर्स चोरी प्रकरण में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मकसूद समेत तीन शातिर चोरों को बनबसा से गिरफ्तार कर करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया। लालकुआं में 35 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषणों की तीन चोरियों का खुलासा किया गया। गोरापड़ाव डकैती कांड में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और लूटी गई 2 लाख 39 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई।
मुखानी में हुई दो चोरियों का खुलासा कर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान नौ लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई। रामनगर में घर और रिजॉर्ट में हुई दो चोरियों का खुलासा करते हुए 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
रामनगर के एक रिजॉर्ट में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया। भवाली में एक प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े सेक्सटॉर्शन मामले का पर्दाफाश किया गया। रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया, जबकि बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा गया।
गौला पार में करोड़ों के आईपीएल सट्टा गैंग का पर्दाफाश कर महज एक घंटे में तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में क्रिकेट लीग के नाम पर 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बैंक खाते फ्रीज कराए गए। वहीं, अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6.7 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



