रामनगर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, चालक गिरफ्तार

खबर शेयर करें

समाचार सच, रामनगर डेस्क।
रामनगर क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मालधन चौकी क्षेत्र के तुमड़िया डैम प्रथम में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया, जबकि चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने बाद में चालक को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, तुमड़िया डैम प्रथम निवासी प्रेम सिंह (60), पुत्र हरनाम सिंह, गुरुवार दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच घर के पास स्थित एक डॉक्टर की दुकान से दवा लेकर साइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रेम सिंह ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गए और गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही रोक लिया, लेकिन चालक वहां से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर चालक की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।

यह भी पढ़ें -   गीजर ठीक करने के बहाने घर से उड़ाए थे सोने के कड़े, नैनीताल पुलिस ने आरोपी को दबोचा

पीरूमदारा चौकी प्रभारी वीरेंद्र बिष्ट ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें -   रोमांचक फाइनल में टैगोर पब्लिक स्कूल ने मारी बाजी, आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल को 7 रन से हराया

पत्नी के निधन के बाद दिव्यांग बेटे के साथ रहते थे प्रेम सिंह
बताया गया कि प्रेम सिंह के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। उनकी पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। घर में वह अपने एक दिव्यांग बेटे के साथ रहते थे, जबकि उनकी दो बेटियों का विवाह हो चुका है। प्रेम सिंह की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। वहीं स्थानीय लोगों ने हादसे पर नाराजगी जताते हुए चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440