
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। लामाचौड़ स्थित आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में आयोजित पी.एस.ए. अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। खिताबी भिड़ंत में टैगोर पब्लिक स्कूल की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मेजबान आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल (APS) को 7 रन से शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टैगोर पब्लिक स्कूल की टीम ने निर्धारित मुकाबले में 118 रन बनाए और विपक्षी टीम के सामने जीत के लिए चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल की टीम ने भी जीत के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन टीम 111 रन ही बना सकी। इस तरह टैगोर पब्लिक स्कूल ने 7 रन से मुकाबला जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया।
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन किया। आखिरी ओवरों तक मुकाबले में रोमांच बना रहा और खिलाड़ियों के संघर्ष एवं खेल कौशल ने दर्शकों को उत्साहित रखा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। टैगोर पब्लिक स्कूल के अंश पाल को बेस्ट बैट्समैन, आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल के जय पांडे को बेस्ट बॉलर, टैगोर पब्लिक स्कूल के कयान बिष्ट को मैन ऑफ द मैच तथा आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल के विक्रांत बिष्ट को प्लेयर ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी प्रदान की गई।
आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल परिसर में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। टूर्नामेंट का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देना रहा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक श्री भुवन चंद्र उपाध्याय, प्रधानाचार्य श्री वीरेंद्र सिंह तथा समस्त विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रदर्शन, मेहनत और खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



