डिजिटल युग में पुस्तकालयों की बदलती भूमिका पर मंथन, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में संगोष्ठी आयोजित

खबर शेयर करें

राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह पर विशेषज्ञों ने ज्ञान के लोकतंत्रीकरण और डिजिटल संसाधनों की उपयोगिता पर रखे विचार, प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को किया सम्मानित

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह-2026 के अवसर पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी में बुधवार को विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। “पुस्तकालयों की पुनर्कल्पना: लोगों, ज्ञान और समाज को जोड़ना” विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में पुस्तकालयों की बदलती भूमिका, डिजिटल संसाधनों के विस्तार और समाज के प्रत्येक वर्ग तक ज्ञान एवं सूचना की पहुंच सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने की। मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के अंतर्गत इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स (IICA) के नॉलेज रिसोर्स सेंटर की प्रमुख डॉ. लता सुरेश उपस्थित रहीं।

अब केवल किताबों तक सीमित नहीं पुस्तकालयों की भूमिका : डॉ. लता सुरेश
मुख्य वक्ता डॉ. लता सुरेश ने कहा कि आधुनिक दौर में पुस्तकालयों की भूमिका पारंपरिक पुस्तक संग्रह और पठन-पाठन की व्यवस्था से कहीं अधिक व्यापक हो गई है। आज पुस्तकालय ज्ञान, सूचना और अवसरों तक पहुंच उपलब्ध कराने के साथ ही लोगों और समाज को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं।

यह भी पढ़ें -   नौकरी की तलाश से रोजगार देने तक का सफर, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने दीपिका को बनाया सफल उद्यमी

उन्होंने सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग, डिजिटल संसाधनों और आधुनिक पुस्तकालय सेवाओं के माध्यम से ज्ञान को अधिक सुलभ एवं समावेशी बनाने की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ पुस्तकालयों को भी अपनी सेवाओं और कार्यप्रणाली में नए बदलाव अपनाने होंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना जरूरी : कुलपति
संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पुस्तकालयों को शैक्षणिक और बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विद्यार्थियों में अध्ययन, पठन-पाठन और ज्ञान अर्जन की संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तकालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। पुस्तकालय केवल पुस्तकों तक पहुंच का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों के विकास, ज्ञान विस्तार और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण केंद्र भी है।

यह भी पढ़ें -   28 नवंबर को होगा नैनीताल दुग्ध संघ का 77वां वार्षिक अधिवेशन, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रबंधन

प्रश्नोत्तरी और वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रश्नोत्तरी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक, बौद्धिक और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षकों और विद्यार्थियों ने की सहभागिता
संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. पीडी पंत, प्रो. गगन सिंह और प्रो. आशुतोष कुमार भट्ट सहित स्कूल ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस के सहायक प्राध्यापक डॉ. राकेश पंत, मनोज पाण्डे, डॉ. ईशा आर्या, रिया चौहान, प्रीति शर्मा और डॉ. मीतू गुप्ता उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक और पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अवसर पर आयोजित इस संगोष्ठी ने शिक्षकों और विद्यार्थियों को डिजिटल युग में पुस्तकालयों की प्रासंगिकता, ज्ञान के लोकतंत्रीकरण तथा समाज से उनके जुड़ाव पर विचार साझा करने का अवसर प्रदान किया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440