हल्द्वानी में मेकअप स्टूडियो स्थापित कर लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी, पांच लोगों को दिया रोजगार, सालाना कारोबार करीब 10 लाख रुपये
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
सपने पूरे करने के लिए परिस्थितियों के अनुकूल होने का इंतजार करने के बजाय खुद रास्ता बनाने का जज्बा हो, तो सफलता की राह निकल ही आती है। हल्द्वानी की दीपिका सनवाल इसकी एक प्रेरक मिसाल हैं। कभी बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी पाने का सपना देखने वाली दीपिका ने प्रतियोगी परीक्षाओं में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के बाद हार मानने के बजाय अपनी प्रतिभा और हुनर को पहचानते हुए स्वरोजगार की राह चुनी। आज वह न केवल एक सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर रही हैं।
दीपिका ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ लेकर हल्द्वानी में अपना मेकअप स्टूडियो शुरू किया और मेहनत, लगन तथा कौशल के दम पर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया। उनकी यह यात्रा बताती है कि सही अवसर और दृढ़ संकल्प के साथ युवा नौकरी तलाशने वाले से नौकरी देने वाले भी बन सकते हैं।
सात लाख की परियोजना से शुरू किया अपना कारोबार
वर्ष 2022-23 में दीपिका ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की हल्द्वानी शाखा से सात लाख रुपये की परियोजना के लिए ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक की ओर से 6.65 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया, जबकि 35 हजार रुपये का अंशदान उन्होंने स्वयं किया। योजना के तहत दीपिका को 1.05 लाख रुपये की सब्सिडी भी मिली।
आर्थिक सहयोग मिलने के बाद दीपिका ने अपने सपने को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने लैक्मे एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कर मेकअप और ब्यूटी सेवाओं से जुड़े अपने कौशल को निखारा। इसके बाद हल्द्वानी में ‘DEEPIKA SANWAL MAKEUP STUDIO’ की शुरुआत की।
हुनर को बनाया पहचान, कारोबार ने पकड़ी रफ्तार
शुरुआत में दीपिका का उद्देश्य खुद के लिए रोजगार का अवसर तैयार करना था, लेकिन उनकी मेहनत और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं ने धीरे-धीरे व्यवसाय को नई पहचान दिलाई। आज उनके स्टूडियो में ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, हेयर स्टाइलिंग, फेशियल सहित विभिन्न ब्यूटी सेवाएं उपलब्ध हैं।
व्यवसाय का विस्तार होने के साथ ही दीपिका ने अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने शुरू किए। उनके इस उद्यम से अब तक पांच लोगों को रोजगार मिल चुका है। वर्तमान में उनके स्टूडियो का वार्षिक कारोबार लगभग 10 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
अब खुद के साथ दूसरों को भी बना रहीं आत्मनिर्भर
दीपिका की सफलता केवल एक व्यवसाय स्थापित करने तक सीमित नहीं है। उन्होंने अपने हुनर को आजीविका का माध्यम बनाने के साथ ही दूसरी महिलाओं के लिए भी आगे बढ़ने का अवसर तैयार किया है। उनका सफर उन युवाओं और महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो नौकरी नहीं मिलने पर अपने सपनों को अधूरा छोड़ देते हैं।
स्वरोजगार से मजबूत हो रही आत्मनिर्भरता की राह
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को अपना उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। दीपिका सनवाल की कहानी इसी दिशा में एक उदाहरण के रूप में सामने आई है।
नौकरी पाने की कोशिश से शुरू हुआ उनका सफर आज अपना कारोबार खड़ा करने और दूसरों को रोजगार देने तक पहुंच चुका है। दीपिका ने साबित किया है कि आत्मविश्वास, हुनर और मेहनत के साथ सरकारी योजनाओं का सही उपयोग किया जाए तो आत्मनिर्भरता की राह बनाई जा सकती है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



