गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया

खबर शेयर करें

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सजा विशेष कीर्तन दीवान, हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु का लंगर छका

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व हल्द्वानी के रामलीला ग्राउंड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में बड़ी श्रद्धा, भक्ति और भव्यता के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुद्वारा परिसर ‘सतगुरु नानक प्रगट्या, मिटि धुंध जग चानण होया’ के पावन जयकारों से गूंज उठा।

कथा-कीर्तन से संगत हुई निहाल
प्रकाश पर्व के अवसर पर पंथ के प्रसिद्ध ज्ञानी, रागी और प्रचारकों ने कथा-कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके जीवन दर्शन से अवगत कराया। विशेष रूप से पहुंचे कथावाचक भाई लखविंदर सिंह (कैथल वाले) ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उपदेशों पर सारगर्भित विचार रखे। वहीं बीबी प्रभलीन कौर (दिल्ली) और भाई गुरप्रीत सिंह (मुक्तसर, पंजाब) ने अपने मधुर कीर्तन से संगत को भाव-विभोर कर दिया।

इसके बाद हेड ग्रंथी भाई जगमीत सिंह ने विश्व कल्याण और सुख-शांति के लिए अरदास की। दोपहर 12 बजे से विशाल गुरु का लंगर आयोजित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

यह भी पढ़ें -   शोध की गुणवत्ता और मौलिकता पर जोर, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की चार दिवसीय कार्यशाला संपन्न

प्रेम, सेवा और समानता का दिया संदेश
गुरुद्वारे के मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद (बंटी), महासचिव कंवलजीत सिंह (शेरू) और प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी ने समाज को प्रेम, सेवा, एकता और समानता का संदेश दिया। उनकी प्रमुख शिक्षाएं ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छको’ अर्थात ईश्वर का स्मरण करो, मेहनत से आजीविका कमाओ और मिल-बांटकर खाओ, आज भी मानवता को सही राह दिखाती हैं।

उन्होंने बताया कि गुरु नानक देव जी ने जाति-पाति और धार्मिक भेदभाव का विरोध करते हुए समाज में भाईचारे को बढ़ावा दिया। उनके जीवन से जुड़ी सच्ची सेवा और लंगर की परंपरा आज भी सिख समाज में पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है।

गणमान्य लोगों ने टेका माथा
प्रकाश पर्व के अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कांग्रेस नेता ललित जोशी, शहरी विकास प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत सिंह देओल, हल्द्वानी विधायक के प्रतिनिधि लक्ष्य शर्मा, एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी, आरटीओ (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह, एसपी सिटी हरबंस सिंह, दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, राज्य आंदोलनकारी निर्माण परिषद के अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर, प्रदीप बिष्ट, कृष्णा हॉस्पिटल के डॉ. हरभजन सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने गुरुद्वारे पहुंचकर माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया।

यह भी पढ़ें -   आइए जानते हैं मार्गशीर्ष मास का महत्व और इस दौरान किए जाने वाले खास उपाय

इस दौरान मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह बंटी, महासचिव कंवलजीत सिंह शेरू, परमजीत सिंह शंटी, परमिंदर प्रिंस, बलजीत सिंह चंडोक, जसपाल सिंह, हरविंदर सिंह चड्ढा, बबलू कुकरेजा, सनी आनंद, मनलीन कोहली, सतपाल सिंह सेठी, तेजेंद्र सिंह नाटी, जसबीर सिंह गोल्डी, बन्नी चंडोक, सुरेंद्र कौर, बलजीत कौर, बीरी आंटी, अमरजीत सिंह चड्ढा और मुकेश ढींगरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

विभिन्न संस्थाओं ने लगाया सेवा का लंगर
आयोजन में निडर खालसा ग्रुप, रामपुर रोड सिख सेवक जत्था, निर्भय खालसा, हल्द्वानी सिख फेडरेशन, हल्द्वानी सिख यूथ, अकाल पूरक की फौज, सुखमणि सोसाइटी और सिख मिशनरी कॉलेज की ओर से विशेष सेवा की गई। सिख मिशनरी कॉलेज द्वारा शिक्षा का लंगर भी लगाया गया। शहर के विभिन्न गुरुद्वारों की साध-संगत ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रात्रि में भी विशेष दीवान सजाए गए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440