हल्द्वानी के संकल्प वेंकट हॉल में जुटेंगे दुग्ध उत्पादक और सहकारिता क्षेत्र की हस्तियां, मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक में आयोजन पर लगी मुहर
समाचार सच, लालकुआं डेस्क।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआं का 77वां वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में आयोजित किया जाएगा। अधिवेशन को लेकर दुग्ध संघ प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथियों के साथ जनप्रतिनिधि, सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियां और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक शामिल होंगे।
बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल के सदस्यों और अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्षिक अधिवेशन के आयोजन स्थल, कार्यक्रम की रूपरेखा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के बाद 28 नवंबर को अधिवेशन आयोजित करने के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी गई।
दुग्ध उत्पादकों के हितों और संघ की उपलब्धियों पर होगी चर्चा
वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध संघ की वर्षभर की गतिविधियों, वार्षिक प्रगति रिपोर्ट और आय-व्यय के विवरण प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़ी योजनाओं, दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने, उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
अधिवेशन में संघ की उपलब्धियों को साझा करने के साथ ही दुग्ध उत्पादकों के योगदान को सम्मान देने और सहकारिता आंदोलन को नई मजबूती प्रदान करने पर भी जोर रहेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथियों सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल और थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



