
समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस ने जनपदभर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। 16 से 22 नवंबर 2026 तक चले एक सप्ताह के इस अभियान में पुलिस ने कुल 2,674 वाहनों की जांच की। अनियमितताएं पाए जाने पर 373 वाहनों के चालान किए गए, जबकि नशे की हालत में वाहन चलाने पर 4 वाहनों को सीज किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने 3,135 लोगों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर तथा एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों के साथ ही यात्री वाहनों की भी सघन चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस प्रमाणपत्र, यातायात नियमों के अनुपालन और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, चालकों को वाहनों में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने और भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया और निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दुरुस्त कराया। अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को सीट बेल्ट के महत्व, निर्धारित गति सीमा, यातायात नियमों के पालन तथा सुरक्षित वाहन संचालन के संबंध में जागरूक किया गया।
नैनीताल पुलिस ने सभी स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। स्कूली वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज एवं फिटनेस प्रमाणपत्र पूरे रखें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे स्कूली बच्चों सहित अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



