
समाचार सच, हल्द्वानी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, गौलापार, हल्द्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा ने खेलों के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले सर्विसेज, महाराष्ट्र और हरियाणा की टीमों को सम्मानित किया।


समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के चारों धामों के देवी-देवताओं को नमन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है। उन्होंने उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों के नक्शे पर 25वें स्थान से 7वें स्थान तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री धामी की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विजेता खिलाड़ियों ने राज्य को खेल भूमि में बदल दिया है और सभी विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अमित शाह ने आयोजन समिति एवं खेल संगठनों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के लिए पूरे देश में उत्तराखंड की सराहना हो रही है। भौगोलिक चुनौतियों के बावजूद राज्य ने शानदार आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल का असली संदेश जीत के जज्बे को बनाए रखना और हार से निराश न होना है।
इको-फ्रेंडली गेम्स की दिशा में उत्तराखंड का कदम
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों को इको-फ्रेंडली बनाने की दिशा में सराहनीय प्रयास किए हैं। खेलों के दौरान खिलाड़ियों के नाम पर पौधारोपण किया गया और कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए गए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की मशाल अब उत्तराखंड से मेघालय को सौंपी जाएगी। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने नॉर्थ ईस्ट को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
खेलों के विकास में सरकार की भूमिका
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। देशभर में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, कोचिंग सुविधाओं और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के चलते भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त कर रहे हैं। 2014 में खेल बजट 800 करोड़ था, जो अब बढ़कर 3800 करोड़ हो गया है। उन्होंने कहा कि 2036 में भारत ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है और उत्तराखंड के खिलाड़ी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में पहली बार उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें 16,000 से अधिक एथलीटों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में योग और मलखंब को शामिल किया गया तथा रात्रि में रिवर राफ्टिंग की प्रतियोगिता आयोजित कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में इन खेलों को ग्रीन गेम्स थीम पर आयोजित किया गया, जहां प्लास्टिक के उपयोग को कम से कम किया गया, बिजली के लिए सोलर एनर्जी का उपयोग किया गया और ई-वाहनों को प्राथमिकता दी गई। राज्य के विभिन्न स्थलों पर स्थायी खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया गया।
उत्तराखंड की ऐतिहासिक सफलता
उत्तराखंड ने इन खेलों में 24 स्वर्ण पदकों सहित कुल 103 पदक जीतकर ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं को प्रेरित करेंगी। उन्होंने खेलों के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त किया और 39वें राष्ट्रीय खेलों के लिए मेघालय को शुभकामनाएं दीं।
अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा, खेल मंत्री रेखा आर्या सहित कई गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और अधिकारी उपस्थित थे। समारोह में पारंपरिक लोक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी शानदार प्रस्तुति दी गई।




सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440