समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने लंबे इंतजार के बाद वरिष्ठ भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 13 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। खास बात यह है कि यह आदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से ठीक एक दिन पहले जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार प्रमुख वन संरक्षक कपिल लाल से मुख्य वन संरक्षक (पर्यावरण) की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। अब उन्हें सीईओ कैंपा और नियोजन की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रमुख वन संरक्षक एसपी सुबुद्धि से नोडल का दायित्व हटाकर उनके पास वन पंचायत, जैव विविधता बोर्ड के अध्यक्ष और राज्य पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन निदेशक की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है।
अपर प्रमुख वन संरक्षक विवेक पांडे से वन अनुसंधान, प्रबंधन एवं प्रशिक्षण का कार्य वापस लेकर उन्हें परियोजना एवं सामुदायिक वानिकी के साथ सीसीएफ एडमिन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। नरेश कुमार को भी अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन) का कार्य सौंपा गया है।
केंद्र से प्रतिनियुक्ति के बाद लौटे सुरेंद्र मेहरा को वन अनुसंधान, प्रबंधन एवं प्रशिक्षण के साथ सतर्कता और विधि प्रकोष्ठ का दायित्व दिया गया है। मीनाक्षी जोशी को नोडल की अहम जिम्मेदारी दी गई है, जबकि उनसे मानव संसाधन का कार्य वापस ले लिया गया है। साथ ही उन्हें बांस एवं रेशा विकास परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
सुशांत पटनायक से परियोजना एवं सामुदायिक वानिकी का कार्य हटाकर उन्हें वनाग्नि और मुख्य वन संरक्षक (पर्यावरण) का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। पी.के. पात्रों को मानव संसाधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है और उनसे बांस एवं रेशा विकास परिषद के सीईओ का कार्य वापस लिया गया है।
पंकज कुमार को नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक पद से हटाकर वन संरक्षक (दक्षिण) बनाया गया है। साथ ही उन्हें वन विकास निगम रामनगर के क्षेत्रीय प्रबंधक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। विनय कुमार भार्गव को वन संरक्षक (अनुसंधान) बनाया गया है, जबकि आकाश वर्मा को नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
नीतीश मणि त्रिपाठी को दक्षिणी कुमाऊं से हटाकर पश्चिमी वृत्त का वन संरक्षक बनाया गया है। वहीं नीतू लक्ष्मी, जो हाल ही में केंद्र से लौटी हैं, को वन संरक्षक (यमुना) के साथ एडिशनल सीईओ CAMPA की जिम्मेदारी दी गई है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



